
मथुरा, 10 मार्च (Udaipur Kiran) । पुष्टिमार्ग संप्रदाय के मंदिर ठाकुर द्वारिकाधीश महाराज ने कुंज में विराजमान होकर अपने भक्तों को दर्शन दिए। इस दौरान मंदिर ठाकुरजी महाराज अबीर गुलाल, टेसू के शुद्ध फूलों के रंग से होली खेली। लोग भक्ति के अद्भुत रंग में रंगे नजर आए। ठाकुरजी की रंग गुलाल की प्रसादी ग्रहण की। मंदिर के मुखिया ने पिचकारी से श्रद्धालुओं पर टेसू का रंग बरसाया और रंग बिरंगा गुलाल लुटाया। द्वारकाधीश मंदिर में वसंत पंचमी से ही होली का आनंद छाया है।
होलिकाष्टक लगते ही टेसू के फूलों के रंगों की बरसात सोने-चांदी की पिचकारी से श्रद्धालुओं पर की जा रही है। रंगभरनी एकादशी पर सोमवार को राजभोग के दर्शन में सुबह 10 बजे से 11 बजे तक ठाकुरजी होली खेलने के लिए कुंज में आए। सेवायतों ने अबीर-गुलाल और रंगों की बरसात की तो श्रद्धालु भी मस्ती में डूब गए। होली के रसिया पर झूमने लगे। मंदिर परिसर में अबीर-गुलाल के बादल छा गए और रंगों की बरसात से श्रद्धालु तरबतर हो गए। होली के रसिया पर ऐसे झूमे, समय का पता ही नहीं चला। ठाकुरजी के दर्शन कर भक्त धन्य हो रहे थे। रंग और भक्ति की मस्ती की आनंद श्रद्धालुओं के सिर चढ़कर बोल रहा था।
मीडिया प्रभारी एडवोकेट राकेश तिवारी ने बताया कि भावनाओं के अनुरूप ठाकुर द्वारकाधीशजी महाराज होली खेलते हैं। 14 मार्च को ठाकुरजी बगीचे में विराजमान होकर होली खेलेंगे। दोपहर डेढ़ बजे से ढाई बजे तक ठाकुरजी बगीचे में विराजमान होकर होली खेलेंगे। शाम को साढ़े चार से पांच बजे तक भक्तों को दर्शन होंगे। मंदिर मुखिया सुधीर कुमार, अधिकारी ब्रजनाथ चतुर्वेदी, समाधानी बनवारीलाला, ब्रजेश, बलदेव, अजय भट्ट, सत्यनारायण, अमित चतुर्वेदी मौजूद रहे।
(Udaipur Kiran) / महेश कुमार
