Haryana

पानीपत: दहेज उत्पीड़न में विवाहिता को घर से निकाला,मामला दर्ज

पानीपत, 30 अप्रैल (Udaipur Kiran) । पानीपत की एक महिला को शामली स्थित ससुराल में दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया। दहेज में कार की डिमांड के लिए उसके साथ मारपीट करके घर से निकाल दिया। महिला ने पानीपत पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।

महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में एक महिला ने बताया कि उसकी शादी उत्तर प्रदेश के शामली जिला के रहने वाले सुमित के साथ नवंबर 2017 में हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज में कार न देने के उसे ताने मिलने लगे। जेठानी के माता-पिता के देहांत के बाद सबकुछ उसके नाम हो गया था।

इसी वजह जेठानी की ओर परिवार का झुकाव रहता था। दहेज की मांग के चलते पति ने उसे खूब पीटा। यहां तक कि उसे घर से बाहर निकाल दिया। कहा कि वह पांच लाख रुपए लेकर आए, तभी एंट्री मिलेगी। पिता ने बेटी को 2 लाख रुपए दिए, जिसके बाद उसे एंट्री मिली। कुछ दिनों बाद बाकी 3 लाख रुपए और मांगने शुरू कर दिए। सास ने उबलती चाय भी हाथ पर डाल दी। पंचायत हुई तो उसमें ससुराल वालों ने माफी मांगी और ठीक से रखने के लिए घर ले गए।महिला ने बताया कि एक रात वह शौच जाने के लिए उठी, तो उसने देखा कि उसका पति और जेठानी आपत्तिजनक हालत में थे। विरोध करने पर उन्होंने उसके भाई को मरवा देने की धमकी दी। जिस धमकी से महिला चुप हो गई। पति कभी पत्नी को छोड़ देता और कभी अपना लेता। बार-बार समझाने पर पति ने कहा कि वह उसे छोड़ सकता है, लेकिन भाभी को नहीं। अब जनवरी 2025 से महिला अपने बेटे के साथ पानीपत स्थित अपने मायका में रह रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

—————

(Udaipur Kiran) / अनिल वर्मा

Most Popular

To Top