
मीरजापुर, 18 मई (Udaipur Kiran) । जिले के चील्ह थाना क्षेत्र अंतर्गत तिलठी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रियंका यादव (30) के रूप में हुई है। प्रियंका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
जौनपुर जनपद के सुरेरी थाना क्षेत्र के कोचारी गांव निवासी चंद्रप्रकाश यादव की पुत्री प्रियंका यादव की शादी 20 मई 2018 को मीरजापुर के तिलठी गांव निवासी राघो यादव के साथ हुई थी। मृतका के पिता चंद्रप्रकाश यादव ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग लगातार दहेज को लेकर उनकी बेटी को प्रताड़ित करते थे।
उन्होंने बताया कि 11 मई 2025 को ससुराल वालों ने दबाव डालकर प्रियंका से सोने की चेन ले ली थी। इसके बाद 14 मई को मृतका के देवर गोलू यादव समेत करीब 15 लोग मायके पहुंचकर विवाद के बाद प्रियंका को ससुराल ले गए थे और उस समय भी धमकियां दी गई थीं।
चंद्रप्रकाश यादव ने आरोप लगाया कि रविवार सुबह करीब 7 बजे प्रियंका को दहेज के लिए उसके पति राघो यादव, ससुर रमेश यादव, सास मीरा देवी, देवर अन्नी यादव व गोलू यादव ने मिलकर हत्या कर दी।
घटना की सूचना पर चील्ह थाना प्रभारी विजय शंकर सिंह और चेतगंज चौकी प्रभारी राजीव कुमार श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
(Udaipur Kiran) / गिरजा शंकर मिश्रा
