Maharashtra

मराठा आरक्षण : मराठा नेता मनोज जरांगे ने भूख हड़ताल स्थगित की

फाईल फोटो: मराठा नेता मनोज जारांगे पाटिल

मुंबई, 30 जनवरी (Udaipur Kiran) । मराठा आरक्षण की मांग को लेकर अनशन कर रहे मराठा नेता मनोज जरांगे पाटिल ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुरेश धस के हाथों जूस पीकर अपनी छह दिन से चल रही भूख हड़ताल आज स्थगित कर दी है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार हमारी मांगों को लेकर जल्द ही कोई फैसला नहीं लेती है तो हम अगला विरोध प्रदर्शन राजधानी मुंबई में करेंगे। मौके पर सांसद बजरंग सोनवणे और विधायक प्रकाश सोलंके भी मौजूद थे।

मनोज जरांगे ने मराठा समाज को ओबीसी कोटे से सगे संबंधियों के आधार पर आरक्षण देने सहित कई अन्य मांगों के लिए 25 जनवरी से जालना जिले के अंतरवाली सराटी में भूख हड़ताल शुरू की थी। गुरुवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर भाजपा विधायक सुरेश धस ने जालना जाकर मनोज जारांगे से मुलाकात की। इसके बाद सुरेश धस ने मनोज जारांगे की मांगों पर जल्द विचार किए जाने का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर मनोज जारांगे पाटिल ने सुरेश धस के हाथों जूस पीकर अपनी भूख हड़ताल स्थगित किए जाने की घोषणा की। इसके बाद मनोज जारांगे ने कहा कि अगर उनकी मांग पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो अगली बार वे मुंबई में आंदोलन करेंगे।

—————

(Udaipur Kiran) यादव

Most Popular

To Top