Haryana

हिसार: हादसाें में घायलाें की मदद कर परिवार को बिखरने से बचाएं:मकसूद अहमद

हांसी के पुलिस अधीक्षक मकसूद अहमद।

यातायात नियमों का पालन करना सुरक्षित यात्रा का महत्वपूर्ण पहलू

हिसार, 13 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । हांसी के पुलिस अधीक्षक मकसूद अहमद ने कहा है कि यातायात नियमों का पालन करके सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। छोटी सी भी गलती हो जाने से किसी भी प्रकार की दुर्घटना हो सकती है और यातायात के नियमों के पालन के अभाव में किसी की भी जान जा सकती है जिसका खामियाजा परिवार के लोगों को भुगतना पड़ सकता है।

पुलिस अधीक्षक मकसूद अहमद ने रविवार को कहा कि यातायात नियमों की पालना करके सुरक्षित सफर पर जोर डालते हुए कहा कि यातायात के नियमों का पालन करने से ट्रैफिक जाम की समस्या से भी निजात पाई जा सकती है। अगर आप सुरक्षित रहना चाहते हैं तो सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करना बहुत जरूरी है। नियमों का पालन करने से सड़क दुर्घटना की संभावना भी कम होगी और आप अपने गंतव्य तक सही सलामत पहुंच सकते हैं। विशेष कर मोटरसाइकिल चलाते समय हेलमेट का प्रयोग जरूर करना चाहिए।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सुरक्षित यात्रा के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात नियमों की पालना के लिए लगातार जागरूक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख मागों पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चला रखा है। वाहन चेकिंग का मुख्य उद्देश्य दोपहिया वाहन चालक हेलमेट पहनें, मार्गों पर वाहनों की गति को नियंत्रण में रखें, कभी रांग साइड से ओवरटेक न करें। आंकड़े बताते हैं कि ज्यादातर दुर्घटनाएं तेज और अनियंत्रित रफ्तार के कारण होती हैं। इनमें यातायात नियमों का उल्लंघन भी एक बड़ा कारण है।

यातायात के निर्देशों का पालन करने से आप जहां स्वयं भी सुरक्षित रहेंगे वहीं दूसरे को भी सुरक्षित रख सकते हैं। उन्होंने कहा कि जो चालक नियमों का पालन नहीं करते हैं, ऐसे लोगों पर कानूनी शिकंजा कसा जाता है। जो लोग यातायात नियमों को तोड़ते हुए पाए जाते हैं, उन पर जुर्माना लगाया जाता है। यह अक्सर देखा जाता है कि कुछ लोग मोटरसाइकिल पर पूरे परिवार को ही बिठा लेते हैं और यह उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। खुद व परिवार की सुरक्षा के साथ औरों की सुरक्षा का भी ख्याल रखना जरूरी है। किसी भी दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत नहीं होती, बल्कि उसका पूरा परिवार उजड़ जाता है। उन्होंने कहा कि गोल्डन ऑवर्स में सड़क दुर्घटना दौरान घायल व्यक्तियों की अवश्य मदद करें, आपकी द्वारा की गई छोटी सी मदद किसी के परिवार को बिखरने या उजड़ने से बचा सकती है।

(Udaipur Kiran) / राजेश्वर

Most Popular

To Top