
नई दिल्ली, 26 दिसंबर (Udaipur Kiran) । दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में गुरुवार काे आम आदमी पार्टी के पटपड़गंज विधानसभा, कृष्णा नगर विधानसभा और लक्ष्मी नगर विधानसभा के पदाधिकारियों के साथ कई कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस का दामन थामा।
आम आदमी पार्टी के पूर्व निगम पार्षद सावित्री शर्मा, मौहम्मद सलाउद्दनी, प्रिंस शर्मा और लिबासपुर से पुष्पेन्द्र यादव कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए। कांग्रेसमें शामिल हुए लाेगाें ने कहा कि केजरीवाल के भ्रष्टाचार और पार्टी में तानाशाही में हमारा दम घुट रहा था। लाेगाें ने कहा कि वह दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के नेतृत्व में साथ काम करेंगे।
आम आदमी पार्टी के नेताओं को दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री डाॅक्टर नरेन्द्र नाथ, पूर्व विधायक हरी शंकर गुप्ता ने कांग्रेस पटका पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। इस दाैरान कृष्णा नगर प्रत्याशी और जिला अध्यक्ष गुरचरण सिंह राजू, लक्ष्मी नगर विधानसभा प्रत्याशी सुमित शर्मा के अलावा पूर्व निगम पार्षद अशोक जैन मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / कुमार अश्वनी
