
इंफाल, 25 मार्च (Udaipur Kiran) । मणिपुर पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के विस्तार पर करारा प्रहार करते हुए उसके दो भर्तीकर्ताओं को गुवाहाटी से गिरफ्तार किया है।
मणिपुर पुलिस के प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि पुलिस ने एक सटीक अभियान के तहत मैशनाम बुंगोमाचा सिंह और तेकचम इबोमचा सिंह को असम की राजधानी गुवाहाटी के गरचुक क्षेत्र से पकड़ा। इनकी गिरफ्तारी इंफाल ईस्ट जिले के अंड्रो पुलिस स्टेशन में दर्ज एक एफआईआर से संबंधित है।
अधिकारियों के अनुसार, ये दोनों प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के लिए युवाओं की भर्ती करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे थे। इनकी गिरफ्तारी से पहले 15 मार्च को इसी संगठन के चार उग्रवादियों को अंड्रो में हथियारों और गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया था। जांच में खुलासा हुआ कि उन गिरफ्तार किए गए उग्रवादियों में से दो को हाल ही में पकड़े गए आरोपितों ने संगठन में भर्ती किया था।
केसीपी (पीडब्ल्यूजी) के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई जारी रखते हुए मणिपुर पुलिस ने 23 मार्च को भी सारंगथेम दिनेश (26) और सनासम मालेमंगानबी चानू (23) नामक दो और उग्रवादियों को इंफाल वेस्ट जिले के वांगोई लक्ष्मी बाजार से गिरफ्तार किया था। इस दौरान पुलिस ने एक टू-व्हीलर और एक मोबाइल हैंडसेट भी जब्त किया था।
(Udaipur Kiran) / श्रीप्रकाश
