Madhya Pradesh

मंडलाः रामनगर में रविवार से आदि उत्सव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री का आगमन प्रस्तावित

कलेक्टर-एसपी ने किया प्रसिद्ध चौगान मढ़िया का निरीक्षण
रामनगर के कार्यक्रम स्थल में सभी संबंधित अधिकारियों की बैठक
कलेक्टर-एसपी ने किया प्रसिद्ध चौगान मढ़िया का निरीक्षण

– कलेक्टर-एसपी ने किया प्रसिद्ध चौगान मढ़िया का निरीक्षण

मंडला, 3 मई (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के मंडला जिले के रामनगर में दो दिवसीय आदि उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। रविवार से शुरू होने वाले इस उत्सव में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आगमन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री साय इस दौरान प्रसिद्ध चौगान मढ़िया के दर्शन भी करेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में शनिवार को क्षेत्र के भ्रमण के दौरान कलेक्टर सोमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा प्रसिद्ध चौगान मढ़िया पहुँचे। मढ़िया में पूजन एवं अन्य तैयारियों के संबंध में जानकारी लेते हुए कलेक्टर ने आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्रेयांश कूमट, अपर कलेक्टर राजेन्द्र कुमार सिंह, अपर कलेक्टर अरविंद सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शिवकुमार वर्मा, एसडीएम सोनाली देव, एसडीएम हुनेन्द्र घोरमारे, ईईआरईएस, ईईपीडब्ल्यूडी, सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास रोहित बड़कुल, जिला परिवहन अधिकारी विमलेश गुप्ता, सीएमएचओ डॉ. केसी सरौते, सीएस डॉ. विजय धुर्वे, जनपद सीईओ रमेश मंडावी, सीएमओ नगरपालिका मंडला श्री गजानंद नाफड़े सहित संबंधित उपस्थित थे।

सफल आयोजन के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दें – कलेक्टर

रविवार एवं सोमवार को आयोजित किए जा रहे आदि उत्सव के तैयारियों के संबंध में कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने शनिवार को रामनगर के कार्यक्रम स्थल में सभी संबंधित अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि इस दो दिवसीय आदि उत्सव आयोजन के लिए सभी अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, सभी अधिकारी निर्धारित ड्यूटी का पालन करते हुए कार्यक्रम का सफल आयोजन कराएं। इसके लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दें।

कार्यक्रम के मिनिट-टू-मिनिट सीक्वेंस की जानकारी देते हुए कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि रविवार को सुबह 11 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ किया जायेगा। इसके बाद मंचीय कार्यक्रम के साथ-साथ स्वास्थ्य शिविर एवं दिव्यांग शिविर आयोजित होंगे। दोनों शिविरों के साथ-साथ कृषि एवं राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के समन्वय से फूड स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इसके अलावा संबंधित योजनाओं के स्टॉल भी प्रदर्शित किए जाएंगे। दोपहर बाद आदिवासी लोक संस्कृति से जुड़ी संगोष्ठी का आयोजन होगा। इसके बाद शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दूसरे दिन 5 मई को मुख्यमंत्री कन्या विवाह/निकाह योजना अंतर्गत बारात निकासी, विवाह/निकाह तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसके बाद हितलाभ वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया जायेगा। उन्होंने निर्देशित किया कि दो दिवसीय संपूर्ण कार्यक्रम के लिए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले सड़क मार्ग की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, चलित शौचालय, भोजन, पार्किंग, फायरब्रिगेड आदि की तैयारियां समय के पहले पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।

आदि उत्सव में होगा विशिष्ट अतिथियों का आगमन

कलेक्टर मिश्रा ने बताया कि रामनगर में आयोजित किए जा रहे आदि उत्सव में 4 मई को मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आगमन प्रस्तावित है। केन्द्रीय जनजातीय मंत्री जुएल ओराम विशिष्ट अतिथि तथा राष्ट्रीय अनुसूचित जनजातीय आयोग के अध्यक्ष अंतरसिंह आर्य एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके सम्माननीय अतिथि होंगे। आदि उत्सव कार्यक्रम में 5 मई को मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आगमन प्रस्तावित है। विशिष्ट अतिथि केन्द्रीय जन.जा. कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके होंगे।

हेलीपैड एवं संपूर्ण ग्राम रामनगर नो फ्लाईंग जोन घोषित

चार मई को मुख्यमंत्री साय तथा पांच को मुख्यमंत्री मोहन यादव का ग्राम रामनगर जिला मण्डला में आदि उत्सव कार्यक्रम में सम्मिलित होना प्रस्तावित है। उनकी सुरक्षा श्रेणी (जेड प्लस) एवं संभावित खतरे को दृष्टिगत रखते हुए रामनगर हेलीपैड एवं संपूर्ण ग्राम रामनगर कार्यक्रम स्थल से 3 किमी की परिधि में ड्रोन/पैराग्लाईडर/हॉट बैलून/अन्य फ्लाईंग ऑब्जेक्ट के उड़ने पर एतद् आदेश द्वारा प्रतिबंध लगाया जाकर उक्त स्थान को रेडजोन/नो फ्लाईंग जोन घोषित किया गया है। यह आदेश 3 मई 2025 प्रातः 8 बजे से लागू होकर 5 मई 2025 को व्हीआईपी के प्रस्थान तक लागू रहेगा। इस आदेश के उल्लंघन होना पाए जाने पर दोषी व्यक्ति के विरूद्ध नियमानुसार भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के अन्तर्गत दण्डनीय होगा।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top