
कोलकाता, 10 दिसंबर (Udaipur Kiran) । कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के पूर्व विदेश मंत्री एस. एम. कृष्णा के निधन पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि कृष्णा न केवल कर्नाटक बल्कि पूरे देश के लिए एक प्रमुख नेता थे। उनके सुधार और उपलब्धियों ने उन्हें व्यापक सराहना दिलाई। ममता बनर्जी ने मंगलवार को ट्वीट कर उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
एस. एम. कृष्णा का मंगलवार सुबह बेंगलुरु में उनके निवास पर निधन हो गया। 92 वर्षीय नेता लंबे समय से अस्वस्थ थे। उनका जन्म एक मई 1932 को कर्नाटक के मांड्या जिले के सोमना हल्ली में हुआ था। उन्होंने 1962 में अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत की और कर्नाटक को सूचना प्रौद्योगिकी का केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने विदेश मंत्री के रूप में भी देश की सेवा की और अपने नेतृत्व के दौरान बेंगलुरु में मेट्रो रेल और देवनहल्ली हवाई अड्डे जैसी परियोजनाओं की शुरुआत की। उनके निधन से राजनीति और प्रशासन के एक युग का अंत हो गया है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार सहित अन्य नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
(Udaipur Kiran) / ओम पराशर
