Madhya Pradesh

भौतिक सम्पदाओं का सदुपयोग कर मध्य प्रदेश को बनाएं आर्थिक सुसम्पन्नः मुख्यमंत्री डॉ. यादव

उज्जैन में दशहरा मिलन उत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव
उज्जैन में दशहरा मिलन उत्सव को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव
उज्जैन में दशहरा मिलन उत्सव में नागरिकों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव

– मुख्यमंत्री ने दशहरा मिलन उत्सव में किया 658 करोड़ की 16 विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन

उज्जैन, 13 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार मध्य प्रदेश को रोजगार परक प्रदेश बनाने के साथ ही विकास के हर आयाम को तय कर रही है। प्रदेश के भौतिक सम्पदाओं का सदुपयोग कर आर्थिक रूप से सुसम्पन्न मध्य प्रदेश बनाएंगे। उन्होंने कहा कि उज्जैन में 350 करोड़ की लागत से प्रतिभा स्वराज इकाई का आज शुभारम्भ किया गया है, जिससे पांच हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। उज्जैन के बेस्ट इंटरप्राइजेस और प्रतिभा स्वराज, ये दोनों इकाइयां लगभग 10 हजार रोजगार उपलब्ध कराएंगे। इसी प्रकार उज्जैन में अन्य औद्योगिक इकाई के माध्यम से 50 हजार रोजगार लोगों को प्रत्यक्ष रूप से प्राप्त होगा।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव रविवार को उज्जैन के कार्तिक मेला ग्राउण्ड में आयोजित दशहरा मिलन उत्सव एवं 658 करोड़ की 16 विकास परियोजनाओं के भूमिपूजन कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे।

इस मौके पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, जिले के प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, सांसद अनिल फिरोजिया, राज्यसभा सांसद बाल योगी उमेशनाथ महाराज, पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ.सत्यनारायण जटिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, सतीश मालवीय, तेजबहादुर सिंह चौहान, जितेन्द्र पंड्या, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम सभापति कलावती यादव, बहादुर सिंह बोरमुंडला, विवेक जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में जनसमुदाय उपस्थित था।

सिंहस्थ के माध्यम से भारत दुनिया का नेतृत्व करेगा-

मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन धर्म की सभी सन्यासी परम्पराओं के सभी वैषणव और शैव सन्त 12 साल में सिंहस्थ आते हैं और भविष्य में सनातन धर्म की दिशा, आचरण, स्वरूप तय करते है। मानवता की स्थापना के लिये सर्वोच्च मेला सिंहस्थ आयोजित किया जायेगा। सिंहस्थ के माध्यम से भारत दुनिया का नेतृत्व करेगा। इसकी समुचित तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास के मामले में मध्य प्रदेश को देश का नम्बर वन राज्य बनाएंगे। इसके लिये अधोसंरचना विकास के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। प्रदेश को माइनिंग सेक्टर में भी दुनिया में नम्बर वन बनाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश हर सेक्टर में तेजी से तरक्की कर रहा है। प्रदेश में निवेशकों को लाने एवं निवेश बढ़ाने के लिये 16 अक्टूबर को हैदराबाद जाकर निवेशकों को आमंत्रित करेंगे। उज्जैन संभाग से प्रारम्भ रीजनल इण्डस्ट्रीज कानक्लेव का आयोजन अब 23 अक्टूबर को रीवा में किया जाएगा। इसके पश्चात शहडोल, नर्मदापुरम संभाग में भी रीजनल इण्डस्ट्रीज कानक्लेव आयोजित की जाएगी। आगामी फरवरी माह में प्रदेश में विश्व स्तरीय इण्डस्ट्रीज कॉनक्लेव का आयोजन होगा, जिसमें विश्वभर से निवेशक आमंत्रित किये जाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत शक्ति-सम्पन्न एवं सामर्थ्यशाली देश बनने के साथ ही विकास के समुच्चय में सर्वोच्च स्थान भी हासिल कर रहा है। हमारी सनातन परम्परा में देवी-देवताओं और ऋषि-मुनियों ने शास्त्र एवं शस्त्र के साथ दुनिया का मार्ग प्रशस्त किया है। हमारा देश शान्तिपूर्ण देश है, पर जरूरत पड़ने पर शास्त्र के साथ ही शस्त्र उठाना भी बखूबी जानता है। थल सेना, वायु सेना एवं नौसेना को शक्ति सम्पन्न बनाते हुए सारे विश्व के मोर्चे पर आज प्रधानमंत्री मोदी प्रभावशाली भूमिका अदा कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि सिंहस्थ-2028 के माध्यम से उज्जैन विश्व पटल पर धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केन्द्र के रूप में पहचाना जाएगा। सिंहस्थ-2028 के दृष्टिगत उज्जैन के महाकालेश्वर मन्दिर की पहुंच को और सुगम बनाने के लिये सदावल में हेलीपेड का भी निर्माण किया जाएगा। इसी प्रकार सोमवारिया से लेकर सिंहस्थ बायपास तक नया फोरलेन बनाया जायेगा, जिसकी टेण्डर प्रक्रिया प्रारम्भ है। केडी गेट से लेकर बीमा हॉस्पिटल के आगे तक फोरलेन निर्माण की भी मंजूरी दी गई है। उज्जैन-इन्दौर सिक्स लेन का कार्य प्रारम्भ हो गया है। तपोभूमि से हामूखेड़ी मार्ग का भी आज भूमिपूजन किया गया है। उज्जैन को जोड़ने वाले चारों तरफ के मार्गों को फोरलेन किया जायेगा। जिले के ग्रामीण क्षेत्र मुख्य मार्गों से जुड़ेंगे।

विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है मध्य प्रदेशः राकेश सिंह

मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ यादव के मार्गदर्शन में लोक निर्माण विभाग लोक निर्माण से लोक कल्याण के ध्येय वाक्य के साथ विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा हैं। विकास कार्यों से उज्जैन बेहतर सड़कों के साथ सामाजिक और आर्थिक ऊंचाइयों पर भी पहुंचेगा। विकास का यहां ‘मोहन मॉडल’ प्रदेश की उन्नति के साथ जन कल्याण के मार्ग भी खोल रहा हैं। प्रदेश में विकास और जन कल्याण के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन दिखाई दे रहे हैं। उज्जैन धार्मिक नगरी के साथ अंतरराष्ट्रीय पर्यटन केंद्र के रूप में भी स्थापित होगा। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा लोकपथ एप का संचालन किया जा रहा है जिसमें अब सड़कों के क्षतिग्रस्त के संबंध में प्राप्त शिकायतों का 7 दिन के अंदर संबंधित क्षेत्र के विभागीय अधिकारी द्वारा निराकरण किया जाएगा। मुझे बताते हुए खुशी है कि 3 से 4 महीने के अंदर अभी तक प्राप्त 95% से अधिक शिकायतों का निराकरण किया गया है।

मुख्यमंत्री ने 658 करोड़ के विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमि पूजन

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में लोक निर्माण से लोक कल्याण के उद्देश्य से उज्जैन में 658 करोड़ से अधिक के विकास एवं निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर दशहरा मिलन उत्सव कार्यक्रम का शुभारम्भ किया और अतिथियों के साथ कन्याओं का पूजन किया। उन्होंने पुष्पवर्षा कर उपस्थित जन-समुदाय का स्वागत-अभिनन्दन किया। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, प्रभारी मंत्री गौतम टेटवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने पुष्पमाला से अतिथियों का स्वागत किया।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top