Uttar Pradesh

राष्ट्रीय खेल दिवस पर बरेका में याद किए गए मेजर ध्यानचंद, दी गई श्रद्धांजलि

राष्ट्रीय खेल दिवस पर बरेका में मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि देते अफसर: फोटो बच्चा गुप्ता

वाराणसी,29 अगस्त (Udaipur Kiran) । राष्ट्रीय खेल दिवस पर गुरूवार को हॉकी के जादूगर और पद्म भूषण से सम्मानित महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद याद किए गए। खेल दिवस पर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में आयोजित कार्यक्रम में अफसरों के साथ कर्मचारियों और खिलाड़ियों ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

इसके बाद केन्द्रीय खेल-कूद स्टेडियम में फुटबॉल मैच का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि खेलकूद संघ के महासचिव सह मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन) सुनील कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उन्हें अच्छी खेल भावना और कड़ी मेहनत के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर सुनील कुमार ने बताया कि हाल के वर्षों में बरेका के खिलाड़ियों ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का परचम लहराया है।

उन्होंने खेलों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और इसके शारीरिक व मानसिक लाभों पर जोर दिया। कुमार ने बरेका खेलकूद संघ और खेल अकादमी के माध्यम से विभिन्न खेलों के मूलभूत सुविधाओं को बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी। उल्लेखनीय है कि 400 से अधिक गोल करने वाले मेजर ध्यानचंद 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम का हिस्सा थे। उनकी जयंती को प्रतिवर्ष राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

कार्यक्रम में प्राचार्य प्राविधिक प्रशिक्षण केंद्र जितेंद्र अग्रवाल, उप मुख्य सामग्री प्रबंधक (मुख्यालय) नितेश शर्मा, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (प्लांट) एस. के. सिंह, उप मुख्य विपणन प्रबंधक मनोज शुक्ला आदि की उपस्थिति रही।

(Udaipur Kiran) / श्रीधर त्रिपाठी

Most Popular

To Top