
प्रयागराज, 05 सितम्बर (Udaipur Kiran) । देश के नव निर्माण में देश की युवा शक्ति आगे आए। राजनीति में पढ़े-लिखे अच्छे संस्कार वाले युवाओं की जरूरत है। इसलिए संगठन की सदस्यता लेने हेतु युवा वर्ग को आगे आना चाहिए। यह बातें प्रयागराज महानगर प्रभारी महेश चंद्र श्रीवास्तव ने पत्रकारों से कही।
महानगर में गुरुवार से शुरू हुए भाजपा सदस्यता अभियान को लेकर सिविल लाइन स्थित पार्टी कार्यालय में पत्रकार वार्ता में महेश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि जहां अन्य दल परिवारवाद एवं व्यक्तिगत हित को साधने में लगे हैं, वहीं भाजपा के लिए राष्ट्र सर्वप्रथम है। मोदी सरकार मां भारती को विश्व गुरु सोने की चिड़िया बनाने वाले काल का पुनः आगमन है।
महानगर प्रभारी ने कहा कि भाजपा एकमात्र पार्टी है जो विचारधारा की अनुगामी है। उन्होंने खाका प्रस्तुत करते हुए कहा कि 2024 भाजपा का संगठन वर्ष है जिसके लिए सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। 8800002024 पर मिस्ड कॉल के माध्यम से पार्टी का सदस्य बना जा सकता है। अभियान का शुभारम्भ 2 सितम्बर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सदस्यता से प्रारम्भ हुआ। 2 सितम्बर शाम 5 बजे से 3 सितम्बर शाम तक 10 लाख लोग संगठन की सदस्यता ग्रहण कर चुके थे। 4-5 सितम्बर से प्रदेश के सभी जिलों में पार्टी पदाधिकारियों जन प्रतिनिधियों द्वारा अभियान प्रारंभ किया गया। प्रत्येक बूथ पर 200 सदस्य बनाना है।
इस अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी, महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा, राजेश केसरवानी, मीडिया प्रभारी विवेक मिश्रा, संजय श्रीवास्तव, शैलेश पांडेय, दीप द्विवेदी, कुलदीप मिश्रा, राकेश भारती, प्रशांत शुक्ला, शिवा त्रिपाठी, विवेक गौड़, संजय सिंह, आनंद दुबे आदि उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र
