Uttrakhand

अंबेडकर के अपमान का झूठ फैलाने वाले अब संसद में गुंडागर्दी में उतर आए: महेंद्र भट्ट

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट।

देहरादून, 19 दिसंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष व राज्य सभा सांसद महेंद्र भट्ट ने संसद परिसर में राहुल के नेतृत्व में लोकतंत्र पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि अंबेडकर के अपमान का झूठ फैलाने वाले अब संसद में गुंडागर्दी में उतर आए हैं।

राज्यसभा सांसद और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि साथ ही राहुल गांधी से नैतिक आधार पर नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफे और कांग्रेस से सार्वजनिक माफी की मांग की है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस समेत समूचा विपक्ष लंबे समय से देश में संविधान और आरक्षण समाप्त करने का झूठा नैराटिव चलाने का प्रयास कर रहा है। लेकिन हरियाणा और महाराष्ट्र में इनके झूठ और अफवाह की पोल खुलने के बाद, जनता ने इन्हें बुरी तरह से नकार दिया है।

उन्होंने कहा कि संसद में संविधान दिवस को लेकर हुई बहस में प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह की ओर से कांग्रेस को आइना दिखाने के बाद तो ये लोग पूरी तरह बौखलाए हुए हैं। यही वजह है कि साजिश के तहत कांग्रेस गृहमंत्री के संसद में दिए बयान का एडिटेड वीडियो बनाकर अंबेडकर का अपमान कर रही है। जबकि विश्व ने देखा, श्री शाह ने अपने उद्बोधन में सिलसिलेवार ढंग से बताया कि किस तरह कांग्रेस ने बाबा साहब का अपमान उनके जीते जी किया और उनके जाने के बाद उनकी पहचान को भी मिटाने की साजिश रची। हमेशा अंबेडकर के विचारों को ठुकराते रहे, कभी उन्हें भारत रत्न देना जरूरी नहीं माना, उनके जीवन यात्रा से जुड़े स्थानों पर स्मारक बनाने की सुध तक नहीं ली। अब वही उनके नाम पर संसद में झूठ बोलकर, बार बार अपमान कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आज जिस तरह का घटनाक्रम लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में संसद परिसर में किया गया, वह बेहद अशोभनीय था। वहां भाजपा के सांसदों पर हमला किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोट भी आई हैं । साथ ही नागालैंड से आने वाली एक एसटी महिला सांसद के साथ दुर्व्यवहार किया गया। बेहद अफसोसजनक है कि इस सबके आरोप सीधे सीधे नेता प्रतिपक्ष की तरफ जाते हैं।

उन्होंने बाबा साहेब के अपमान और संसद की गरिमा गिराने के लिए राहुल गांधी से नैतिक आधार पर इस्तीफे और समूची कांग्रेस से सार्वजनिक माफी मांग की है।

(Udaipur Kiran) / राजेश कुमार

Most Popular

To Top