Maharashtra

महाराष्ट्रः लातूर के छात्रावास में फूड प्वॉइजनिंग से 60 छात्राएं बीमार

लातूर के छात्रावास में फुड प्वाईजनिंग से 60 छात्राएं बीमार

मुंबई, 06 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । लातूर शहर के पुरनमल लाहोटी सरकारी तंत्रनिकेतन संस्थान के छात्रावास में 60 छात्राएं बीती रात भोजन के बाद फूड प्वॉइजनिंग से बीमार हो गई हैं। इन सभी को तत्काल विलासराव देशमुख मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अस्पताल के प्रमुख डॉ. उदय मोहित ने बताया कि छात्राओं की तबीयत में तेजी से सुधार हो रहा है। घटना की छानबीन शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

जानकारी के अनुसार पूरणमल लाहोटी सरकारी तकनीकी संस्थान लातूर शहर में औसा रोड पर स्थित है। इस कॉलेज के हॉस्टल में 324 लड़कियां रहती हैं। शाम 7 बजे लड़कियों ने चावल, चपाती, भिंडी व भाजी भोजन किया। इसके बाद करीब 8.30 बजे कुछ लड़कियों को उल्टी होने लगी। घटना की जानकारी मिलने के बाद कॉलेज के प्रिंसिपल तुरंत हॉस्टल पहुंचे और तुरंत मेडिकल कॉलेज से संपर्क किया। एम्बुलेंस मंगा कर रात एक बजे तक करीब 60 छात्राओं को भर्ती कराया गया।

डॉ. उदय पाटिल ने रविवार को बताया कि छात्राओं के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। सभी छात्राएं खतरे से बाहर हैं। भोजन के नमूने लेकर पुलिस ने जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा है। जो भी दोषी पाया जाएगा, संस्थान प्रशासन उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई करेगा।

घटना की जानकारी मिलते ही लातूर के सांसद डॉ. शिवाजी कालगे ने मेडिकल कॉलेज का दौरा किया और प्रभावित छात्राओं के बारे में जानकारी ली। कालगे ने जिला कलेक्टर वर्षा ठाकुर घुगे से चर्चा की है। जिला कलेक्टर वर्षा ठाकुर ने भी मामले की छानबीन करने का निर्देश अधिकारियों को दिया है।

(Udaipur Kiran) यादव

Most Popular

To Top