







मुख्यमंत्री योगी ने रामलला की उतारी आरती
अयोध्या, 11 जनवरी (Udaipur Kiran) । श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के उद्घाटन की पहली वर्षगांठ प्रतिष्ठा द्वादशी पर रामलला का अभिषेक और महाआरती का कार्यक्रम शनिवार को सम्पन्न हुआ। रामलला के दरबार को फूलों से सजाया गया है। आज रामलला को दिल्ली से आई सोने-चांदी के तारों से कढ़ाई की गयी पीतांबरी को धारण कराया गया। भव्य शृंगार के बाद दोपहर 12:20 बजे भगवान की भव्य आरती हुई। इसके बाद भगवान को 56 व्यंजनों का भोग लगाया गया। प्रतिष्ठा द्वादशी पर शुरू हुआ यह उत्सव लगातार तीन दिन तक चलेगा। इस दौरान विभिन्न प्रकार के धार्मिक अनुष्ठान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी रामलला के उत्सव में शामिल हुए। वे महाआरती के बाद सीधे हेलीपैड से राम मंदिर पहुंच कर रामलला के उत्सव में सम्मिलित हुए। आदित्यनाथ ने रामलला के चरणों में शीश झुकाया व रामलला की उतारी आरती। मुख्यमंत्री ने विधिवत दर्शन-पूजन के बाद श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास से आशीर्वाद लिया। योगी ने साधु-संतों के साथ भोजन प्रसाद भी ग्रहण किया। इसके पहले मुख्यमंत्री के अयोध्या पहुंचने पर महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेदप्रकाश गुप्त, रामचंद्र यादव आदि जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा नेताओं ने रामकथा पार्क में मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
प्रतिष्ठा द्वादशी के अवसर पर अयोध्या में सुबह 6 बजे से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है। शनिवार पूर्वाह्न 11 बजे से गर्भगृह में रामलला का महाभिषेक शुरू हुआ था। उत्सव में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र सहित डेढ़ सौ से अधिक गणमान्य मंदिर में उपस्थित रहे।
श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के उद्घाटन का एक वर्ष आज 11 जनवरी (पौष शुक्ल-12) को पूरा हो गया। इस अवसर पर तीन दिवसीय उत्सव शुरू हुआ है। तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बताया कि तीनों दिन कई धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
———–
(Udaipur Kiran) / पवन पाण्डेय
