Bihar

दुर्गा पूजा में 253 स्थानों में मजिस्ट्रेट की हुई प्रतिनियुक्ति

किशनगंज,10अक्टूबर (Udaipur Kiran) । दुर्गा पूजा को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर ज़िले के पूजा पंडालों में मजिस्ट्रेट व पुलिस के अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। सभी पूजा पंडालों में पुलिस की निगरानी रहेगी। जिले में 253 स्थानों में मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिसमें किशनगंज शहर व ग्रामीण क्षेत्र में 54 स्थानों में प्रतिनियुक्ति की ही है। जिलाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक सागर कुमार पल पल कनीय अधिकारियों से व्यवस्था की जानकारी ले रहे थे।

शहरी क्षेत्र में पांच गश्ती दल बनाए गए है। जिला आपदा कार्यालय परिसर में जिला नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। यहां से पूरे जिले की मॉनिटरिंग होगी। जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 06456-225152 पर किसी प्रकार की सूचना दी जा सकती है। एसपी सागर कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जाने को लेकर सभी थानाध्यक्ष को आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया है। थानाध्यक्ष अपने अपने थाना क्षेत्रों में निगरानी बरतेंगे। सुरक्षा के मद्देनजर किशनगंज जिला बल के अलावे मुख्यालय से भी अतिरिक्त पुलिस फोर्स मंगवाया गया है।

पूजा स्थल पर असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगाह रहेगी। दुर्गा प्रतिमा के आसपास सादे लिबास में पुलिस कर्मी की तैनाती की गई है। पूजन स्थल पर महिलाओं की काफी भीड़ रहती है इसलिए महिला पुलिस की भी तैनाती की गयी है। अवर निरीक्षक स्तर की दो दर्जन महिला पुलिस अधिकारी को सुरक्षा में लगाया गया है। एसडीएम लतीफुर रहमान अंसारी, एसडीपीओ गौतम कुमार व सदर थानाध्यक्ष संदीप कुमार व्यवस्था का जायजा ले रहे थे।

(Udaipur Kiran) / धर्मेन्द्र सिंह

Most Popular

To Top