Madhya Pradesh

कार्यकर्ताओं की मेहनत से मध्यप्रदेश संगठन पर्व में इतिहास रचेगाः अजय जामवाल

कार्यकर्ताओं की मेहनत से मध्यप्रदेश संगठन पर्व में इतिहास रचेगाः अजय जामवाल

– संगठन पर्व में मध्यप्रदेश मॉडल बने इसकी चिंता प्रत्येक कार्यकर्ता को करना हैः जामवाल

जबलपुर, 8 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने संगठन पर्व के संबंध में जबलपुर में रविवार को संभागीय बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत और परिश्रम से मध्यप्रदेश में 2023 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को ऐतिहासिक विजय प्राप्त हुई है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत से मध्यप्रदेश संगठन पर्व में नया इतिहास रचेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी में नए सदस्यों को जोड़ने में मध्यप्रदेश मॉडल बने, इसकी चिंता प्रत्येक कार्यकर्ता को करना होगा।

जामवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनैतिक संगठन है और भाजपा का कार्यकर्ता पूरे 365 दिन लोगों के सुख-दुख में शामिल रहता है। सदस्यता अभियान में हमें अपनी ताकत को पहचानना है और संगठन पर्व में मध्यप्रदेश मॉडल बने, इसके लिए जिलों को जो लक्ष्य दिया गया है वो तय समय पर पूर्ण हो जाए इसकी चिंता करना है। उन्होंने कहा कि संगठन पर्व में मध्यप्रदेश को 1.5 नए सदस्य बनाने का लक्ष्य मिला है। भाजपा कार्यकर्ता लक्ष्य से अधिक सदस्य बनाने का संकल्प लेकर मैदान में उतरें और इतिहास बनाएं।

अधिक से अधिक लोगों को भाजपा की विचारधारा से जोड़ें

भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री ने कहा कि समाज में हर वर्ग के लोग रहते हैं, जिनकी समाज में बड़ी भूमिका रहती है। हमें पद्मश्री, पद्म भूषण, पद्म विभूषण, चिकित्सक एवं प्रोफेसर जैसे समाज के प्रतिष्ठित और प्रभावशाली लोगों एवं मलिन बस्तियों में रहने वाले लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का कार्य करना है और सोशल मीडिया के माध्यम से संगठन पर्व को अधिक से अधिक प्रचारित भी करना है।

बैठक को भाजपा प्रदेश महामंत्री, विधायक एवं प्रदेश सदस्यता अभियान प्रभारी भगवानदास सबनानी ने भी संबोधित किया। बैठक में जबलपुर संभाग के सभी जिलों के जिला अध्यक्ष एवं सदस्यता अभियान के प्रभारी उपस्थित रहे।

(Udaipur Kiran) तोमर

Most Popular

To Top