
– 48 कोस के तीर्थों पर गूंजेंगी गीता वाणी, ग्राम पंचायतें भी बनेंगी सहभागी
– ब्रह्मसरोवर की परिधि से बाहर होगा गीता महोत्सव का आयोजन
चंडीगढ़, 30 मई (Udaipur Kiran) । अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2025 की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस बार इस आयोजन का स्वरूप बढ़ाया जाएगा। गीता महोत्सव ब्रह्मसरोवर की परिधि से बाहर भी किया जाएगा। इसके साथ ही 48 कोस के हर तीर्थ पर गीता वाणी की गूंज सुनाई देगी।
शुक्रवार को गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद और कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सदस्यों ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से मुलाकात की और गीता महोत्सव तथा 48 कोस के तीर्थों के जीर्णोद्धार को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने गीता महोत्सव में पर्यटकों की भीड़ को देखते हुए इसे व्यवस्थित और विस्तारित करने का सुझाव दिया। इसके साथ ही पार्किंग व्यवस्था से लेकर पर्यटकों के आने-जाने के लिए बेहतर प्रबंध करने के निर्देश दिए। इस बार गीता महोत्सव में मध्य प्रदेश स्टेट पार्टनर होगा। वहीं कंट्री पार्टनर को लेकर कई देशों से बातचीत चल रही है। संभावना जताई जा रही है कि आगामी दिनों में जल्द ही कंट्री पार्टनर को भी फाइनल कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सैनी ने बैठक में 48 कोस के तीर्थों के जीर्णोद्धार में ग्राम पंचायतों व प्रबुद्ध लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वर्ष 2025 में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आगाज पहली दिसंबर से होगा, जोकि 21 दिन चलेगा। 21 दिन की अवधि में तीन शनिवार और तीन ही रविवार आएंगे।
मुख्यमंत्री नायब सैनी सुझाव दिया कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के साथ हर पंचायत को साथ जोड़ा जाए। मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव-2025 के आयोजन का एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए देते हुए कहा कि ब्रह्मसरोवर के चारों ओर कला, अध्यात्म और संस्कृति की झलक दिखाई देती है। हर तरफ पर्यटकों का हुजूम रहता है। शनिवार, रविवार तथा छुट्टी वाले दिन पर्यटकों की तादाद ज्यादा रहती है। लिहाजा, तादाद को देखते हुए ब्रह्मसरोवर के बाहर भी गीता महोत्सव का आयोजन किया जाए। पुरुषोत्तमपुरा बाग के साथ मेला ग्राउंड में भी धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि गीता महोत्सव पर आने वाले पर्यटकों को किसी तरह की असुविधा न हो।
48 कोस तीर्थ निगरानी कमेटी के चेयरमैन मदन मोहन छाबड़ा ने तीर्थों पर चल रहे विकास कार्यों की रिपोर्ट मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की। इस अवसर गीता मनीषी स्वामी ज्ञाना नंद, मुख्यमंत्री के ओएसडी भारत भूषण भारती, केडीबी के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल व विजय नरूला प्रमुख तौर पर मौजूद रहे।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
