
-पर्यटन किसी भी राष्ट्र के आर्थिक और सामाजिक विकास की रीढ़ः राज्य मंत्री लोधी
भोपाल, 05 मार्च (Udaipur Kiran) । मध्य प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी ने बुधवार को आईटीबी बर्लिन 2025 में भारत पवेलियन और मध्य प्रदेश पवेलियन का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर जर्मनी में भारत के राजदूत अजीत गुप्ते, मप्र टूरिज्म बोर्ड की अपर प्रबंध संचालक बिदिशा मुखर्जी भी उपस्थित रही।
इस अवसर पर राज्य मंत्री लोधी ने कहा कि पर्यटन किसी भी राष्ट्र के आर्थिक और सामाजिक विकास की रीढ़ है। वर्तमान में पर्यटन उद्योग वैश्विक अर्थव्यवस्था में सबसे तेजी से बढ़ते क्षेत्रों में से एक है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में पर्यटन अधोसंरचनाओं के निर्माण और पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए सतत प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आईटीबी बर्लिन पर्यटन उद्योग के लिए एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय नेटवर्किंग और व्यापार मंच है, जो विगत 60 वर्षों से विश्व पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहा है।
राज्य मंत्री लोधी ने कहा कि मध्य प्रदेश के पर्यटन को आईटीबी बर्लिन में वैश्विक बढ़ावा मिलेगा। मध्य प्रदेश, अपनी प्राकृतिक, ऐतिहासिक, पुरातात्विक, सांस्कृतिक और धार्मिक संपदा के लिए प्रसिद्ध है। आठ टाइगर रिज़र्व, 12 राष्ट्रीय उद्यान, और 25 से अधिक वन्यजीव अभयारण्य इसे देश का टाइगर स्टेट बनाते हैं। ऐतिहासिक धरोहरों की बात करें तो खजुराहो, सांची और भीमबेटका जैसे तीन महत्वपूर्ण स्थल यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल हैं, जबकि 11 अन्य स्थलों को अस्थायी सूची में स्थान मिला है।
आईटीबी बर्लिन में मध्य प्रदेश पवेलियन को विशेष रूप से प्रदेश के नैसर्गिक सौंदर्य, समृद्ध संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को प्रदर्शित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह मंच प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को वैश्विक निवेशकों और ट्रैवल ऑपरेटर्स के समक्ष प्रस्तुत करने का बेहतरीन अवसर प्रदान करता है।
वैश्विक पर्यटन कंपनियों के साथ संवाद
राज्य मंत्री लोधी ने इस दौरान अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल टूर ऑपरेटर्स, हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के प्रतिनिधियों और विभिन्न देशों के पर्यटन अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने मध्य प्रदेश की पर्यटन नीति और निवेश के अवसरों पर चर्चा करते हुए सभी को मध्य प्रदेश आने और प्रदेश में पर्यटन व्यवसाय को बढ़ावा देने के लिए आमंत्रित किया।
उन्होंने कहा कि आईटीबी बर्लिन में भागीदारी से मध्य प्रदेश को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत स्थान मिलेगा। इस आयोजन के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करने, पर्यटन निवेश को बढ़ावा देने और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का सुनहरा अवसर मिला है।
—————
(Udaipur Kiran) तोमर
