
इंदौर, 9 अप्रैल (Udaipur Kiran) । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार शाम को धार जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मांडू पहुंचे। मांडू पहुँचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया गया। मांडू हैलीपेड में केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर, प्रदेश के पूर्व मंत्री राज्यवर्धन सिंह दत्तीगांव, विधायक कालूसिंह ठाकुर, विधायक नीना वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को मांडू की पहचान प्रसिद्ध ऐतिहासिक खुरासानी इमली भेंट की गई।
प्रशिक्षण का लिया जायजा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीनदयाल अंत्योदय योजना शहरी आजीविका मिशन के तहत स्थानीय महिलाओं को दिए जा रहे बाग प्रिंट प्रशिक्षण को देखा। उन्होंने कला के संरक्षण में ग्रामीण महिलाओं की भूमिका को सराहा। उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही समस्त महिलाओं को शुभकामनाएं दीं।
चतुर्भुज श्रीराम मंदिर के किये दर्शन
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने माण्डू के प्रसिद्ध चतुर्भुज श्रीराम मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीराम की प्रतिमा के भी दर्शन किए। उन्होंने यहाँ मंदिर के महाराज एवं अन्य संतों से भेंट की और आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मैं सौभाग्यशाली हूं कि इस मंदिर में दर्शन का अवसर मिला। यहां भगवान श्रीराम की अद्भुत और अद्वितीय मूर्ति है। यह ऐतिहासिक भी है। भगवान राम जी चतुर्भुज रूप में है। इसमें भगवान श्री राम के साथ विष्णु भगवान की झलक भी दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश विरासत से विकास की ओर बढ़ रहा है। मध्य प्रदेश में पर्यटन केन्द्रों के विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
(Udaipur Kiran) तोमर
