Haryana

गुरुग्राम जिला की चारों विधानसभाओं में कमल खिलेगा: कमल यादव

फोटो नंबर-04: भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बात करते जिला अध्यक्ष कमल यादव।

-तीसरी बार भी बनेगी भाजपा की सरकार

गुरुग्राम, 5 सितम्बर (Udaipur Kiran) । भाजपा जिला अध्यक्ष कमल यादव ने प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद पहली प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता प्रत्याशियों को जिताने के लिए जी तोड़ मेहनत करेंगे। गुरुग्राम जिला की चारों विधानसभाओं में कमल खिलेगा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।

उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में गुरुग्राम जिला में भाजपा ने जो रिकार्ड बनाया था वह विधानसभा में भी कायम रहेगा। कमल यादव ने भाजपा द्वारा घोषित किए गए सभी प्रत्याशियों को जीत की अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं दी। इस मौके पर जिला महामंत्री रामबीर भाटी, सर्वप्रिय त्यागी,जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव, जिला मीडिया सहप्रभारी पवन यादव, प्रवक्ता विपिन यादव भी मौजूद रहे। भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव में गुरुग्राम जिला की जनता ने साढ़े पांच लाख वोट भाजपा को दिए थे, हरियाणा में जिलों के हिसाब से यह बहुत बड़ा लोगों का आशीर्वाद भाजपा को मिला था। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भी गुरुग्राम जिला से भाजपा के प्रत्याशी बड़े मार्जिन के साथ जीतकर विधानसभा में जाएंगे। हरियाणा में चुनाव की दृष्टि से माहौल भाजपा के पक्ष में है और हम गुरुग्राम, सोहना, बादशाहपुर और पटौदी विधानसभाओं को प्रचंड बहुमत के साथ जीत रहे हैं।

पत्रकार द्वारा पूछे गए एक सवाल पर बोलते हुए कमल यादव ने कहा कि टिकट मांगना और चुनाव लडऩा सभी का अधिकार है। कमल यादव ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता का राजनीति में आने का मकसद सिर्फ जनसेवा करना है। एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि 90 की 90 विधानसभाओं में इस बार कांग्रेस का सूपड़ा साफ होगा और कांग्रेस प्रत्याशियों की जनता जमानत जब्त करने का काम करेगी। कमल यादव ने कहा समीकरण हमारे पक्ष में हैं और हमारे कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएंगे। लोगों को भाजपा सरकार द्वारा कराए गए विकास के कार्य और भविष्य में भाजपा की जनहित में क्या प्लानिंग होगी लोगों को बताएंगे।

(Udaipur Kiran) हरियाणा

Most Popular

To Top