नई दिल्ली, 30 मई (Udaipur Kiran) । लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला 3 से 5 जून तक ब्राजील के ब्रासीलिया में आयोजित होने वाले 11वें ब्रिक्स संसदीय फोरम में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल (आईपीडी) का नेतृत्व करेंगे। इस फोरम का मुख्य विषय अधिक समावेशी और दीर्धकालिक वैश्विक शासन विधि के निर्माण में ब्रिक्स संसदों की भूमिका है।
लोकसभा सचिवालय के अनुसार, फोरम में ब्रिक्स देशों (ब्राजील, रूस, भारत, चीन, दक्षिण अफ्रीका, सऊदी अरब, मिस्र, संयुक्त अरब अमीरात, इथियोपिया, इंडोनेशिया और ईरान) और आमंत्रित देशों के संसदीय अध्यक्ष और सांसद भाग लेंगे।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला फोरम के पूर्ण सत्र में इंटर-पार्लियामेंट्री सहयोग के लिए जिम्मेदार और समावेशी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और अन्य विषयों पर बोलेंगे। फोरम में भारत की डिजिटल पहल, जिसमें भाषिनी भी शामिल है, पर प्रकाश डाला जाएगा।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल में राज्यसभा के उपाध्यक्ष हरिवंश, राज्यसभा सदस्य सुरेंद्र सिंह नागर, लोकसभा सदस्य विजय बघेल, विवेक ठाकुर, डॉ. शबरी बिरेड़्डी, लोकसभा के महासचिव उत्पल कुमार सिंह और राज्यसभा के महासचिव पीसी मोदी शामिल होंगे।
फोरम का उद्देश्य ब्रिक्स संसदों की भूमिका को मजबूत करना और वैश्विक शासन में अधिक समावेशी और सतत विकास को बढ़ावा देना है। फोरम में विभिन्न सत्रों में ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग और समन्वय को बढ़ावा देने पर चर्चा होगी।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में भारतीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल की ब्रिक्स संसदीय फोरम में भागीदारी से भारत के वैश्विक संबंधों को मजबूत करने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
—————
(Udaipur Kiran) / सुशील कुमार
