
जलपाईगुड़ी, 25 मार्च (Udaipur Kiran) । वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में एक और तेंदुआ कैद हो गया है। घटना मटियाली ब्लॉक के चालसा पीडब्ल्यूडी क्षेत्र की है। तेंदुए के पकड़े जाने पर स्थानीय लोगों को राहत मिली है।
सूत्रों के अनुसार, आज सुबह स्थानीय निवासियों ने इलाके में तेंदुए की दहाड़ सुनी। पास जाकर देखा तो पिंजरे में एक तेंदुआ फंसा हुआ था। खबर फैलते ही इलाके में काफी लोग उमड़ पड़े। बाद में इसकी सूचना वन विभाग के खुनिया स्क्वायड को दी गयी। सूचना पर खुनिया स्क्वायड के वन कर्मी मौके पर पहुंचे और तेंदुए को अपने कब्जे में लिया।
खुनिया स्क्वायड के रेंजर सजल कुमार दे ने बताया कि स्वास्थ्य परीक्षण के बाद तेंदुए को गोरूमारा जंगल में छोड़ दिया जाएगा। मालूम हो कि रविवार को उक्त क्षेत्र के पादरीकुठी इलाके में वन विभाग के पिंजरे में एक तेंदुआ कैद हुआ था। उसी दिन स्थानीय लोगों की मांग पर चालसा पीडब्ल्यूडी क्षेत्र में पिंजरे लगाए गए थे क्योंकि पिछले कुछ दिनों से उस इलाके में लगातार तेंदुए देखे जा रहे थे। आखिरकार तेंदुए के पिंजरे में कैद होने से क्षेत्रवासियों में कुछ राहत की सांस ली है।
(Udaipur Kiran) / सचिन कुमार
