West Bengal

कोलकाता समेत पूरे पश्चिम बंगाल में मौसम शुष्क, तापमान में हल्की वृद्धि

सुहाना मौसम

कोलकाता, 07 फरवरी (Udaipur Kiran) । पश्चिम बंगाल के अधिकांश जिलों में शुक्रवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। कोलकाता में दिनभर आसमान साफ रहेगा, और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। हालांकि, बीते 24 घंटों में कोलकाता का अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 17.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.4 डिग्री अधिक है।

दार्जिलिंग में हल्के बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम आठ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। आसनसोल और हुगली में धुंध के बाद धूप खिलने की संभावना है, जहां अधिकतम तापमान क्रमशः 29 और 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। खड़गपुर में दिन गर्म रहेगा और तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

इंग्लिश बाजार और मुर्शिदाबाद में मौसम साफ रहेगा और दिन में अधिकतम तापमान 26 से 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। नदिया, पुरुलिया, अलीपुरद्वार और जलपाईगुड़ी में भी धूप खिलेगी, जहां तापमान 25 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। बर्दवान, बांकुड़ा और बीरभूम में तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, जबकि पूर्व मेदिनीपुर और उत्तर व दक्षिण 24 परगना में तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

राज्य में बीते 24 घंटों में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है और मौसम शुष्क बना रहेगा। हालांकि, सुबह के समय कुछ जिलों में हल्की धुंध छाने की संभावना है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही मौसम साफ हो जाएगा।

कोलकाता में अधिकतम आर्द्रता 92 फीसदी दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम आर्द्रता 42 फीसदी रही। हवा की गति सामान्य बनी हुई है और कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिल रहा है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिम बंगाल के अधिकांश जिलों में अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहेगा और दिन के तापमान में हल्की वृद्धि हो सकती है। रात के तापमान में मामूली गिरावट हो सकती है, जिससे सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस हो सकती है।

(Udaipur Kiran) / ओम पराशर

Most Popular

To Top