Haryana

कैथल:सरपंच के लेटर पैड पर पूर्व विधायक के खिलाफ केंद्रीय मंत्री को लिखा पत्र

लिखे गए पत्र की कॉपी
पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर

कहा,यह नशे का सौदागर, इसे टिकट न दें

कैथल, 1 सितंबर (Udaipur Kiran) । गुहला के पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर के गांव कलर माजरा के सरपंच के लेटर पैड पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के नाम लिखें पत्र में उसे नशे के सौदागरों का संरक्षक बताने पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पत्र में भाजपा के 2 नेताओं के अलावा बहुत से अन्य लोगों के हस्ताक्षर हैं। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। गांव के सरपंच ने पूरे मामले से पल्ला झाड़ने हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। पत्र में पूर्व विधायक पर 23 गंभीर आरोप हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि कुलवंत बाजीगर को पार्टी गुहला से टिकट ना दे इसलिए यह पत्र लिखा गया है।

कैथल के गांव डेरा बाजीगर (कल्लरमाजरा) के सरपंच गगन कुमार के नाम से कुछ दिन पहले केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल को ग्राम पंचायत के लेटर पैड पर एक पत्र भेजा गया है। इसमें गुहला के पूर्व विधायक कुलवंत बाजीगर पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं और लिखा गया है कि उनको भाजपा की टिकट न दी जाए। इस पर सरपंच की मुहर व हस्ताक्षर भी हैं। कुलवंत बाजीगर इसी गांव का रहने वाला है। इसके साथ ही कई पन्ने भी संलग्न किए गए। इन पर सरपंच के नाम से लिखे गए पत्र में कहा गया है कि कुलवंत बाजीगर ने विधायक बनने के बाद गांव में नशे की बिक्री को बढ़ावा दिया। उनके सगे भतीजे श्याम उर्फ श्यामा के खिलाफ नशे से जुड़ा एक केस भी दर्ज है। लिखा गया है कि लोकसभा चुनाव में आप प्रत्याशी सुशील गुप्ता ने बाजीगर पर जो आरोप लगाए थे, वे बिल्कुल सही हैं। आज भी वे नशा तस्करों को पनाह देते हैं। पत्र में अपील की गई है कि कुलवंत बाजीगर को गुहला हलके से टिकट न दी जाए।

सरपंच ने झाड़ा पल्ला, कराया मामला दर्ज

कुलवंत बाजीगर के खिलाफ लिखे पत्र के सामने आने के बाद कैथल में हड़कंप मच गया। पत्र लेकर कल्लरमाजरा गांव का सरपंच गगन सिंह चीका थाना पहुंच गया। सरपंच ने पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनकी ग्राम पंचायत कल्लरमाजरा की लेटर पैड पर पूर्व विधायक कुलवंत राम बाजीगर के खिलाफ अफवाह फैलाई जा रही है। वो लेटर पैड उनकी नहीं है। किसी व्यक्ति के द्वारा डूप्लीकेट लैटर पैड निकलवा कर उस पर गलत बयान जारी किए गए हैं। सरपंच ने कहा कि इन आरोपों से उसका कोई लेना देना नहीं है। अज्ञात व्यक्ति के द्वारा लैटर पैड का गलत प्रयोग किया गया है। इस पर कार्रवाई की जाए।

थाना चीका के सब इंस्पेक्टर शक्ति सिंह ने रविवार काे बताया कि सरपंच गगन ने शिकायत दी हे कि उनके लैटर पैड पर पूर्व विधायक के खिलाफ साजिश रची गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

(Udaipur Kiran) / नरेश कुमार भारद्वाज

Most Popular

To Top