
मुरादाबाद, 03 जून (Udaipur Kiran) । मुरादाबाद के थाना कांठ क्षेत्र में तेंदुए का आतंक काम नहीं हो रहा है। थाना क्षेत्र के गांव खलीलपुर में मंगलवार तड़के एक तेंदुएं ने गली के कुत्ते पर हमला कर दिया। वह उसे उठाकर खेत में ले गया। घटना देख रहे किसान के शोर मचाने पर तमाम ग्रामीण लाठी डंडे लेकर पहुंचे लेकिन तब तक तेंदुआ आंखों से ओझल हो गया।
गांव वालों का कहना है कि चामुंडा स्थल सहित तेंदुआ अकसर गांव के आसपास दिखाई देता रहता है। गांव के श्रीओम, भानू बिश्नोई, राजपाल प्रजापति, दीप सिंह आदि ने पिंजरा लगवा कर तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। वन रक्षक अनिल कुमार ने बताया कि जल्दी गांव खलीलपुर में पिंजरा लगा दिया जाएगा।
उधर, छजलैट के मानपुर मुजफ्फरपुर और मुंडाला में तेंदुए को पकड़ने के लिए लगाए गए पिंजरे कई दिन बाद भी खाली हैं। क्षेत्र में अकसर तेंदुए दिखने से कई गांवों के लोग दहशत में हैं। गर्मी के चलते फसलों को बचाने के लिए खेतों पर सिंचाई करने भी वह समूह में जाते हैं।
(Udaipur Kiran) / निमित कुमार जायसवाल
