
उदयपुर, 7 जनवरी (Udaipur Kiran) । उदयपुर के फतहसागर झील क्षेत्र में बीते 17 दिनों से एक लेपर्ड का मूवमेंट स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। नीमचमाता-देवाली इलाके की परशुराम कॉलोनी में सोमवार रात को लेपर्ड का मूवमेंट एक बार फिर सीसीटीवी में कैद हुआ। फुटेज में दिखा कि लेपर्ड पिंजरे के पास पहुंचा, अंदर घुसा, लेकिन पिंजरा बंद होने से पहले ही बाहर निकल गया।
घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में लेपर्ड के मूवमेंट से स्थानीय लोग खौफ में हैं। अंधेरा होते ही लोग घरों में कैद हो जाते हैं। वन विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर पिंजरा लगाया है, लेकिन अब तक उसे पकड़ने में कामयाबी नहीं मिली है।
स्थानीय निवासी बताते हैं कि नीमजमाता का पहाड़ी और जंगली इलाका लेपर्ड के लिए मुफीद है। सोमवार रात 8:46 बजे और 10:49 बजे के दो सीसीटीवी फुटेज में लेपर्ड की गतिविधियां रिकॉर्ड हुईं। पहली बार वह पिंजरे के आसपास घूमता दिखा और दूसरी बार पिंजरे में घुसने की कोशिश करता नजर आया, लेकिन बाहर निकलने में सफल हो गया। स्थानीय लोग भयभीत हैं और शाम ढलते ही घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं।
—————
(Udaipur Kiran) / सुनीता
