
लखनऊ, 14 दिसम्बर (Udaipur Kiran) । गुजरात में अहमदाबाद शहर के साबरमती रिवर फ्रंट की तरह लखनऊ शहर में गोमती नदी के रिवर फ्रंट पर लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) शानदार पेडिस्ट्रियन ब्रिज बनाएगा। पेडिस्ट्रियन ब्रिज का खाका तैयार कराते हुए प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि ब्रिज की लम्बाई सौ मीटर व ऊंचाई दस मीटर होगी। ब्रिज की डिजाइन बेहद आकर्षक व अनूठी होगी।
लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि पेडिस्ट्रियन ब्रिज की डिजाइन के लिए आर्किटेक्चर डिजाइन प्रतियोगिता का आयोजन होगा। जिसमें दिल्ली, गोवा व बंगलुरू समेत देश भर से चौबीस प्रविष्टियां आयी हैं। अब इसमें से सर्वश्रेष्ठ चुनी जाने वाली डिजाइन के आधार पर पेडिस्ट्रियन ब्रिज को आकार दिया जाएगा।
प्रथमेश कुमार ने कहा कि गोमती रिवर फ्रंट पर पेडिस्ट्रियन ब्रिज के लिए एडीसीपी आफिस के पास जगह चिन्हित की गयी है और इसे पर्यटन केन्द्र में रूप में विकसित किया जायेगा। भविष्य में ब्रिज के बनने के बाद गोमती नदी के ऊपर से क्रूज का नजारा देखा जा सकेगा।
उपाध्यक्ष ने कहा कि पेडिस्ट्रियन ब्रिज के लिए अलग-अलग तरह के आकर्षक थीम पर डिजाइन प्राप्त हुई हैं। जिसमें से गोमती गेट-वे, कथक ब्रिज, देव सेतु, द नाॅट कनेक्टिंग, स्माइलिंग ब्रिज, तरंत सेतु, जश्न-ए-पुल व हेरिटेज वाॅक आदि थीम की डिजाइन ने ज्यूरी पैनल को खूब आकर्षित किया। ये सभी डिजाइन इतनी कलात्मक व प्रभावशाली थीं कि ज्यूरी पैनल को इनमें से टाॅप-10 डिजाइन का चुनाव करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
भविष्य की योजना पर उन्होनें बताया कि पेडिस्ट्रियन ब्रिज पर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा और ब्रिज पर केवल पैदल यात्रा व साइकिलिंग की जा सकेगी। लोगों की सुविधा के लिए ब्रिज पर पेडिस्ट्रियन प्लाजा, व्यू प्वाइंट्स, डेक, मनोरंजन के स्थान व बैठने की व्यवस्था का प्रावधान किया गया है। जिन्हें वरीयता देते हुए पेडिस्ट्रियन ब्रिज की डिजाइन का चयन किया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) / श.चन्द्र
