Assam

इंफाल-सिलचर राजमार्ग पर भूस्खलन, यातायात बाधित

मणिपुर में हुए भूस्खलन का दृश्य

इंफाल, 19 जून (Udaipur Kiran) । मणिपुर के नोनी जिले में लगातार बारिश के कारण हुए भूस्खलन ने इंफाल-सिलचर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-37) के एक हिस्से को अवरुद्ध कर दिया है, भूस्खलन के चलते गुरुवार को घंटों यातायात बाधित रहा।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में भूस्खलन से पहले बुधवार को आवश्यक सामान ले जाने वाले 226 वाहन इस मार्ग से गुजरे थे। नोनी पुलिस स्टेशन की सीमा के अंतर्गत रोंगचुम और रामखोंग के बीच भूस्खलन हुआ, जिससे सड़क कीचड़, चट्टानों और मलबे से ढक गई। भूस्खलन के बाद सैकड़ों निजी और व्यावसायिक वाहन फंस गए।

अधिकारियों ने कहा है कि फंसे हुए वाहनों में से अधिकांश ट्रक हैं, जो जिरीबाम के रास्ते इंफाल और सिलचर से माल ले जा रहे हैं। गनीमत ये रही कि इस भूस्खलन की चपेट में कोई नहीं आया, किसी प्रकार के जानी नुकसान की सूचना नहीं है।

वर्तमान में सड़क को खोलने का काम चल रहा है, एबीसीआई इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड की टीमें मलबे को हटाने और जल्द से जल्द यातायात बहाल करने के लिए काम कर रही हैं।

एक अन्य घटना में, टेंग्नौपाल जिले के चिकिम गांव के पास एनएच-102 का एक हिस्सा भारी बारिश के कारण ढह गया, जिससे मोरेह और आसपास के इलाकों के बीच कई घंटों तक यातायात बाधित रहा। बाद में सड़क को फिर से खोल दिया गया, जब स्थानीय निवासियों ने प्रशासन की मदद से पहाड़ी मलवे को हटाकर रास्ता साफ किया।

अधिकारियों ने यात्रियों से अनावश्यक यात्रा से बचने और आधिकारिक अपडेट के माध्यम से सूचित रहने का आग्रह किया है। प्रशासन ने कहा कि राजमार्ग को फिर से खोलने और फंसे हुए यात्रियों की सहायता करने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।————–

(Udaipur Kiran) / अरविन्द राय

Most Popular

To Top