HEADLINES

आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में तेज बारिश के बीच भूस्खलन, एक की मौत, कई घायल

వ

विजयवाड़ा, 31 अगस्त (Udaipur Kiran) । आंध्र प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार से लगातार हो रही तेज बारिश के बीच हुए भूस्खलन में एक की मौत हो गयी है जबकि कई लोग घायल हो गए हैं। घटनास्थल पर राहत एवं बचाव कार्य जारी हैं। मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्यभर में बाढ़ जैसे हालात की समीक्षा की और अधिकारियों को राहत एवं बचाव के लिए जरूरी दिशा निर्देश दिए।

राजस्व विभाग के अधिकारियों के मुताबिक विजयवाड़ा के चूना भट्ठा केंद्र में भूस्खलन से एक मकान धराशायी हो गया। इसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज बारिश के कारण हुए भूस्खलन में विजयवाड़ा पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में दो जगहों पर मकान ढह गए। भूस्खलन की घटना में बचाव कार्य जारी है। कर्मचारी दो जेसीबी से मलबा हटा रहे हैं। मलबे में नौ लोग फंस गए थे। उन्हें बाहर निकाल कर अस्पताल ले जाया गया, जिसमें से एक की मौत हो गई।

मुख्यमंत्री ने अमरावती के सचिवालय में बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवात और राज्य भर तेज बारिश को लेकर राजस्व पुलिस और अन्य विभागों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर हालात की समीक्षा की।

शुक्रवार से लगातार हो रही बारिश के कारण विजयवाड़ा पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में कई मकान ढह गए हैं। शहर जलमग्न हो गया है और कई जिलों के बीच यातायात ठप हो गया है। राज्यभर में आज शिक्षण संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया गया।

मुख्यमंत्री नायडू के बेटे और सरकार के मंत्री नारा लोकेश ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों को बाहर न निकलने की सलाह दी है। लोकेश ने एक्स पोस्ट में कहा कि जानमाल के नुकसान से बचने के लिए सतर्क रहें, बहुत जरूरत पड़ने पर ही घर से निकलें। उन्होंने टीडीपी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को बाढ़ प्रभावित इलाकों में पूरा सहयोग देने को कहा गया है।

————–

(Udaipur Kiran) / नागराज राव

Most Popular

To Top