Uttar Pradesh

नवरात्र में महिलाओं को समर्पित रहेंगे लखीमपुर खीरी के ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट्स

– सीएम योगी की मंशा के अनुरूप महिला सशक्तिकरण काे बढ़ावा देने एवं समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए लिया गया निर्णय

लखीमपुर खीरी, 29 मार्च (Udaipur Kiran) । प्रदेश की आधी आबादी को आत्मनिर्भर, स्वावलंबी बनाने एवं समाज की मुख्य धारा से जोड़ने के लिए योगी सरकार विभिन्न योजनाओं के साथ विभिन्न कार्यक्रम संचालित कर रही है। इसी के तहत प्रदेश भर में मिशन शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप बेटियों और महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए लखीमपुर खीरी ने चैत्र नवरात्र के अवसर पर जिले की प्रेरणादायक आधी आबादी को अपना अधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट एक्स समर्पित करने का निर्णय लिया है। खीरी का यह निर्णय पूरे प्रदेश में अपने आप में पहला नया इनोवेशन है। इससे जिले की बेटियों और महिलाओं को प्रोत्साहन मिलेगा और वह खुद को गौरवान्वित महसूस करेंगी। इसका उद्देश्य समाज में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और उन महिलाओं को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में एक मिसाल कायम की है।

सोशल मीडिया के माध्यम से उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं की उपलब्धियों को किया जाएगा साझा

लखीमपुर खीरी की जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि प्रदेश की नारी शक्ति को उनका अधिकार और समाज में उनकी हिस्सेदारी को मजबूत करना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्राथमिकताओं में शामिल है। यही वजह है कि पिछले आठ वर्षों में प्रदेश में महिलाओं की भागाीदारी में बढ़ाेतरी हुई। प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में अहम भूमिक निभा रही हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में लखीमपुर खीरी के ऑफिशल सोशल मीडिया हैंडल्स एक्स DM LAKHIMPUR KHERI(@Dmkheri) और फेस बुक पेज DM Lakhimpur Kheri को प्रेरणादायक महिलाओं को समर्पित करते हुए नारी शक्ति को सम्मानित करने का निर्णय लिया गया है। जिलाधिकारी ने बताया कि इसका उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्टता प्राप्त करने वाली महिलाओं की उपलब्धियों को उजागर करना और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिकाओं को मान्यता देना है।

जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने बताया कि महिलाओं की सफलता हमें नारी शक्ति की असीम क्षमता की याद दिलाती है। ऐसे में चैत्र नवरात्र के सभी आठ दिन तक रोजाना एक्स पर पोस्ट के माध्यम से महिलाएं अपने क्षेत्रों में किए गए कार्यों, चुनौतियों और उपलब्धियों को साझा करेंगी। इससे समाज में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा मिलेगा। इन महिलाओं द्वारा अपने अनुभव साझा करने से जिले की अन्य महिलाओं एवं बेटियाें को आगे आने की प्रेरणा मिलेगी। इसके जरिये वह अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हाेंगी। इसके अलावा पूरे जिले में मिशन शक्ति फेज-5 के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।

—————

(Udaipur Kiran) / देवनन्दन श्रीवास्तव

Most Popular

To Top