RAJASTHAN

कुसुम यादव को बनाया हेरिटेज निगम की कार्यवाहक मेयर, कल ग्रहण कर सकती कै कार्यभार

महापौर

जयपुर, 24 सितंबर (Udaipur Kiran) । नगर निगम हेरिटेज में निर्दलीय पार्षद कुसुम यादव कार्यवाहक मेयर बनाया गया है। कुसुम यादव का कार्यकाल 2 महीने का रहेगा। इस सम्बंध में स्वायत्त शासन विभाग ने आदेश जारी कर दिए है। कुसुम यादव बुधवार को कार्यभार ग्रहण कर सकती है।

विशेष बात यह है कि पार्षद चुनाव के वक्त भारतीय जनता पार्टी ने कुसुम यादव को टिकट नहीं दिया था। इसके बाद कुसुम ने पार्टी से बागी होकर निर्दलीय पार्षद का चुनाव जीता था। हालांकि चुनाव जीतने के बाद यादव ने भारतीय जनता पार्टी को अपना समर्थन दिया था। तब बीजेपी ने उन्हें मेयर पद का उम्मीदवार भी बनाया था। कुसुम यादव भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता और पूर्व नगर निगम अध्यक्ष अजय यादव की धर्मपत्नी है। वहीं कुसुम खुद भी दूसरी बार नगर निगम में पार्षद बनी है। इससे पहले वह सांस्कृतिक समिति की अध्यक्ष भी रह चुकी है।

जयपुर नगर निगम हेरिटेज में कुल 100 पार्षद हैं। इनमें 47 पार्षद कांग्रेस, 42 पार्षद बीजेपी और 11 पार्षद निर्दलीय चुनाव जीते थे। इनमें से 9 ने कांग्रेस पार्टी को समर्थन दिया था। दो ने भारतीय जनता पार्टी को समर्थन दिया था। लेकिन विधानसभा चुनाव के दौरान कांग्रेसी पार्षद नीरज अग्रवाल ने बीजेपी जॉइन कर ली थी। अब मेयर मुनेश गुर्जर को पार्षद पद से भी सस्पेंड कर दिया गया है। इसके बाद नगर निगम हेरिटेज में कुल पार्षदों की संख्या 99 पहुंच गई है। ऐसे में 50 पार्षदों की संख्या बहुमत के लिए पर्याप्त है। कांग्रेस के 8 पार्षदों के बीजेपी जॉइन करने के बाद भारतीय जनता पार्टी बहुमत के आंकड़े को पार कर गई है।

8 कांग्रेसी पार्षद बीजेपी में हुए शामिल

वहीं नगर निगम हेरिटेज में बीजेपी की स्थिति भी अब मजबूत हो गई है। कांग्रेस पार्टी के 8 पार्षद बिना शर्त भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो चुके हैं। ये लोग मुनेश गुर्जर से प्रताड़ित होकर उन्हें पद से बर्खास्त करने की मांग कर रहे थे। 21 सितंबर को बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से इन पार्षदों की अनौपचारिक मुलाकात हुई थी। इसमें से 8 पार्षदों ने उसी वक्त बीजेपी में आने का फैसला किया था। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा को बिना शर्त बीजेपी जॉइन करने का हस्ताक्षर युक्त समर्थन पत्र दिया था। मनोज मुद्गल वार्ड 35, उत्तम शर्मा वार्ड 49, ज्योति चौहान वार्ड 46, सुशीला देवी वार्ड 63, अरविंद मीठी वार्ड 71, मोहम्मद जकरिया वार्ड 65, पारस जैन वार्ड 80, संतोष कर वार्ड 78 ने भारतीय जनता पार्टी जॉइन कर बिना शर्त समर्थन पत्र बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष को सौंप दिया। एक दर्जन से ज्यादा कांग्रेसी पार्षद भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से संपर्क में हैं।

मुनेश गुर्जर के खिलाफ बिना किसी शर्त कांग्रेसी पार्षदों ने दिया भारतीय जनता पार्टी को समर्थन

नगर निगम हेरिटेज पार्षद उत्तम शर्मा ने कहा- भारतीय जनता पार्टी विकास की राह पर राजस्थान को आगे बढ़ाने में अपना अहम योगदान निभा रही है। इसीलिए हमने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में बिना शर्त बीजेपी में आने का फैसला किया है। फिलहाल हम आठ पार्षद हैं। एक दर्जन से ज्यादा पार्षद ऐसे हैं, जो बीजेपी में आना चाहते हैं। जल्द ही वह भी हमारे साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

नगर निगम हेरिटेज से पार्षद मनोज मुद्गल ने कहा- मुनेश गुर्जर ने नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया था। जयपुर की जनता को अपने मूलभूत काम के लिए भी रिश्वत देनी पड़ रही थी। जनता द्वारा चुने गए पार्षदों तक की सुनवाई नहीं हो रही थी। ऐसे में हमने मुनेश गुर्जर के खिलाफ बिना किसी शर्त भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देने का फैसला किया है।

कांग्रेसी पार्षद ज्योति चौहान ने कहा कि राजस्थान की बीजेपी सरकार भ्रष्टाचार खत्म करने का वादा कर सत्ता में आई थी। इस वादे को पूरा कर प्रदेश सरकार ने प्रदेश की सबसे भ्रष्ट मेयर को बर्खास्त किया है। इसलिए हमने भारतीय जनता पार्टी में शामिल होकर बिना असर भाजपा को समर्थन देने का वादा किया है।

—————

(Udaipur Kiran) / राजेश

Most Popular

To Top