RAJASTHAN

गंगाजल-गोमूत्र से शुद्धि कर कुसुम यादव ने हेरिटेज निगम के कार्यवाहक मेयर का पद संभाला

महापौर

-कार्यवाहक मेयर कुसुम यादव ने कहा, शुद्धि से यहां से दूर चला जाएगा भ्रष्टाचार

जयपुर, 25 सितंबर (Udaipur Kiran) । जयपुर नगर निगम हेरिटेज में कार्यवाहक मेयर के तौर पर कुसुम यादव ने बुधवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया है। हनुमान चालीसा और मंत्रोच्चार के साथ कुसुम यादव ने मेयर की कुर्सी संभाली। इस दौरान भारतीय जनता पार्टी के विधायक, प्रभारी मंत्री, सांसद भी मौजूद रहे। वहीं, विधायक बालमुकुंद आचार्य ने मेयर कार्यालय में गंगाजल-गोमूत्र छिड़ककर उसकी शुद्धि की।

महापौर की कुर्सी संभालते ही कुसुम यादव ने कहा कि हेरिटेज नगर निगम में जो छल कपट करके सरकार बनाई गई थी। उसका अंत हुआ है। भ्रष्टाचार करने के बावजूद मुनेश सीट से इस्तीफा नहीं देना चाहती थी। उनसे विधायक और पार्षद सभी परेशान थे। आज भारतीय जनता पार्टी के विधायक और पार्षद खुश हैं। सभी सहयोग कर रहे हैं कि जो बदलाव आया है, वो बरकरार रहे। अब नगर निगम में जीरो टॉलरेंस पर काम किया जाएगा। आगे त्योहारी सीजन आ रहा है। दीपावली पर हर व्यक्ति की प्राथमिकता सफाई रहती है। उनकी भी प्राथमिकता यही रहेगी कि जिस तरह पीएम नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता का संदेश दिया है। उसे आगे बढ़ाते हुए जयपुर को स्वस्थ और स्वच्छ रखें। यादव ने कहा कि हेरिटेज नगर निगम में रामराज्य स्थापित होगा। यहां हनुमान चालीसा और पूजा पाठ से कार्य की शुरुआत हुई है। ये पवित्र मन से किया गया काम है। यहां से भ्रष्टाचार दूर चला जाएगा। जो भी अधिकारी-कर्मचारी भ्रष्टाचार को बढ़ावा देता है। उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी पार्षदों ने भाजपा जॉइन कर ली है। वो कांग्रेस के शासन से त्रस्त थे। महापौर से परेशान थे। ऐसे में हेरिटेज नगर निगम में भारतीय जनता पार्टी का शुद्ध बोर्ड है। अब मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायकों की सलाह से समितियों का गठन भी किया जाएगा। इसमें सभी की सहभागिता होगी।

मंत्री बोले- जयपुर को सफाई में पहले नंबर पर लाएंगे

कुसुम यादव को पदभार ग्रहण कराने पहुंचे प्रभारी मंत्री जोगाराम पटेल ने कहा कि जयपुर का पुराना वैभव है। जयपुर नीट एंड क्लीन हो। ये सभी की जिम्मेदारी है। बीते दिनों शहर में पानी भराव से तकलीफ हुई, ट्रैफिक जाम की वजह से परेशानी आई। ऐसी में अब हेरिटेज नगर निगम जिला प्रशासन और सरकार के साथ मिलकर जयपुर के पुराने वैभव को प्राप्त करेंगे। यहां ज्यादा से ज्यादा पर्यटक आएं। यहां सफाई, सीवरेज, ट्रैफिक व्यवस्था से लेकर जल भराव की किसी भी समस्या से कोई परेशानी न हो। इस पर काम किया जाएगा। हमारा संकल्प है कि इंदौर को पछाड़ कर पहले नंबर पर आएंगे। हालांकि स्थाई महापौर चुनाव को लेकर उन्होंने कहा- ये भविष्य के गर्भ में है, जिसे बाद में बताएंगे।

सिविल लाइंस विधायक बोले: खाचरियावास को उन्होंने छोटे भाई के रूप में माना

विधायक गोपाल शर्मा ने खाचरियावास समर्थक पार्षदों के भाजपा का समर्थन करने के सवाल पर कहा कि प्रताप सिंह खाचरियावास को उन्होंने छोटे भाई के रूप में माना है। प्रतिद्वंद्वी वो होता है, जो बराबर का हो। अगर वो दो-तीन हजार वोट से हारे होते तो मानते की प्रतिद्वंद्वी है। अब कोई कहे बांग्लादेश भारत का प्रतिद्वंद्वी है, ये तो विचित्र बात ही हुई। भ्रष्टाचार आत्मा को विचलित कर देती है। यदि उसको प्रताप सिंह दूर कर दें तो उनमें एक अच्छे नेतृत्व के सारे गुण विद्यमान हैं। यहां तक कांग्रेस पार्षदों के भाजपा में शामिल होने का सवाल है ये पार्टी का फैसला है। गंगा जी ये नहीं देखती कि नहाने वाला कौन है। उनकी अंतर्चेतना जागृत हुई है। उन्हें लगा है कि राहुल गांधी जैसे अपरिपक्व व्यक्तित्व के सामने नरेंद्र मोदी जैसा विराट व्यक्तित्व है और वैसे भी सुबह का भूला यदि शाम को घर लौट आए तो उसे भुला नहीं कहते।

—————

(Udaipur Kiran) / राजेश

Most Popular

To Top