
मुंबई, 25 दिसंबर (Udaipur Kiran) । कल्याण में नाबालिग लड़की का अपहरण करके दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपित विशाल गवली को बुधवार को सुबह बुलढाणा के शेगांव में गिरफ्तार किया है। कल्याण पुलिस की टीम बुलढाणा से आरोपित को कल्याण ला रही है। उसके बाद आरोपित को कल्याण कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार मुंबई से सटे कल्याण शहर के चक्कीनाका इलाके में नाबालिग लड़की 23 दिसंबर की शाम को अपनी मां से 20 रुपये लेकर दुकान पर कुछ खाने का सामान लेने गयी थी। जब वह काफी देर बाद भी वापस नहीं लौटी तो परिवार ने लड़की की तलाश शुरू कर दी। काफी समय बीत जाने के बाद जब वह वापस नहीं आई तो उसके पिता ने कोलशेवाड़ी पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। अगले दिन यानी 24 दिसंबर को लड़की का शव कल्याण के पास बापगांव इलाके में मिला, जिसकी शिनाख्त लड़की के पिता ने की। इसके बाद कल्याण पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए 6 टीमें बनाई गईं। लड़की के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला कि उसके साथ दुष्कर्म किया गया था और बाद में उसकी हत्या कर दी गई थी।
इस घटना को लेकर बुधवार को स्थानीय नागरिकों ने पुलिस स्टेशन सामने प्रदर्शन किया और मामले की गहन छानबीन की मांग की है। कल्याण के पुलिस उपायुक्त अतुल झेंडे ने आरोपित की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि कल्याण पुलिस की टीम बुलढाणा से आरोपित को कल्याण ला रही है। उसके बाद आरोपित को कल्याण कोर्ट में पेश किया जाएगा।
—————
(Udaipur Kiran) यादव
