Sports

खेलो इंडिया बीच गेम्स 2025: मणिपुर चैंपियन, नगालैंड का ऐतिहासिक प्रदर्शन

दीव, 24 मई (Udaipur Kiran) । पहले खेलो इंडिया बीच गेम्स 2025 में मणिपुर ने शानदार प्रदर्शन कर कुल पांच स्वर्ण और छह रजत पदकों के साथ चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। इस आयोजन ने न केवल नए खेल प्रतिभाओं को मंच दिया, बल्कि नगालैंड जैसे उभरते राज्यों को इतिहास रचने का अवसर भी दिया, जिसने पहली बार किसी खेलो इंडिया प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता में मणिपुर, महाराष्ट्र, नगालैंड, हरियाणा और जम्मू-कश्मीर ने पांच-पांच स्वर्ण पदक जीते, लेकिन रजत पदकों के आधार पर फाइनल रैंकिंग तय की गई। पहले स्थान पर मणिपुर की टीम रही, जिसने 5 स्वर्ण, 6 रजत पदक जीते। जबकि महाराष्ट्र ने 5 स्वर्ण और 5 रजत पदक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर पांच स्वर्ण और तीन रजत के साथ नगालैंड रहा। तो चौथे स्थान पर संयुक्त रूप से हरियाणा एवं जम्मू-कश्मीर रहे। इनके खाते में 5 स्वर्ण और 1 रजत पदक रहा। वहीं, मेजबान दादरा और नगर हवेली तथा दमन और दीव (डीएनएचडीडी) ने 4 स्वर्ण के साथ सातवां स्थान प्राप्त किया।

अहम बात यह रही कि कुल 46 स्वर्ण पदकों में से 28 पदक पेंचक सिलाट (एक इंडोनेशियाई मार्शल आर्ट) में ही दिए गए। मणिपुर के 5 में से 4 स्वर्ण, नगालैंड के सभी 4 स्वर्ण, जम्मू-कश्मीर और डीएनएचडीडी के सभी पदक इसी स्पर्धा में आए, जिससे इन राज्यों की स्थिति पदक तालिका में मजबूत हुई।

टीम खेलों में रोमांच

प्रतियोगिता में खेले गए टीम खेलों के फाइनल में बीच वॉलीबॉल, बीच सॉकर और सेपक टकरा में रोमांच चरम पर रहा। तमिलनाडु ने पुरुष और महिला दोनों वॉलीबॉल स्वर्ण अपने नाम किए। बीच सॉकर पुरुष वर्ग में केरल ने गोवा को 12-4 से हराकर स्वर्ण जीता। महिला वर्ग में ओडिशा ने गुजरात को 3-2 से पराजित किया। कप्तान जसोदा मुंडा के दो गोल निर्णायक रहे।

सेपक टकरा में नगालैंड की स्वर्णिम जीत

सेपक टकरा के महिला वर्ग में नगालैंड ने हरियाणा को 2-1 से हराकर पहला स्वर्ण पदक जीता। नगालैंड की महिला टीम के इस ऐतिहासिक प्रदर्शन पर मिशन प्रमुख केथोसितुओ सेकहोस ने कहा, “यह जीत हमारे लिए प्रेरणादायक है और हम उम्मीद करते हैं कि हमारी टीम के कुछ खिलाड़ी अब राष्ट्रीय टीम के लिए भी चुने जाएंगे।”

वहीं, सेपक टकरा के पुरुष वर्ग में दिल्ली ने मणिपुर को 2-1 से हराकर स्वर्ण जीता।

—————

(Udaipur Kiran) / आकाश कुमार राय

Most Popular

To Top