Uttar Pradesh

स्वच्छ भारत, स्वच्छ प्रयागराज बनाकर गांधी के सपनों को साकार करें : केशव प्रसाद मौर्य

शोक संवेदना

– पूर्व विधायक नीलम करवारिया को दी श्रद्धांजलि

प्रयागराज, 02 अक्टूबर (Udaipur Kiran) । मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सिविल लाइन हनुमान मंदिर में सफाई कर स्वच्छता अभियान का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि गांधीजी एवं शास्त्रीजी की जन्म जयंती पर हम सभी उनके बताए गए जीवन के मूल्यों को आत्मसात कर राष्ट्र सेवा के प्रति अपनी भागीदारी सुरक्षित करें और महात्मा गांधी के सपनों को साकार करते हुए स्वच्छ भारत-स्वच्छ प्रयागराज मिलकर बनाएं।

बुधवार को भाजपा महानगर द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिन सेवा पखवाड़े के अंतर्गत महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जन्म जयंती पर भाजपा महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा के नेतृत्व में स्वच्छता अभियान चलाया गया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 10 वर्ष पूर्व आरम्भ किए गए स्वच्छता अभियान ने देश के कोटिशः लोगों का जीवन बदला है और देश ने वैश्विक सराहना प्राप्त की है। यह साक्ष्य है कि समस्त देशवासी जब एक उद्देश्य के लिए जुड़ते हैं तो सम्पूर्ण राष्ट्र में सकारात्मक परिवर्तन आकार लेता है और हम उस अभियान में सफल होते हैं। तत्पश्चात उन्होंने भारद्वाज मुनि चौराहा (बालसन) स्थित महात्मा गांधी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं मेडिकल चौराहे पर स्थित पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके उपरान्त भारतीय जनता पार्टी की पूर्व विधायक नीलम करवरिया के निधन के उपरांत उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं राज्य मंत्री अनिल राजभर उनके आवास कल्याणी देवी अतरसुइया पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर ईश्वर से उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की कामना की। उनके पति पूर्व विधायक उदयभान करवरिया एवं परिजनों से भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त किया।

जिला प्रवक्ता राजेश केसरवानी ने बताया कि इस अवसर पर महापौर गणेश केसरवानी, महानगर अध्यक्ष राजेंद्र मिश्रा, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्ता, कमलेश कुमार, केपी ट्रस्ट अध्यक्ष डॉ सुशील सिन्हा, कुंज बिहारी मिश्रा, वरुण केसरवानी, विवेक मिश्रा, शशि वार्ष्णेय, प्रमोद मोदी, अनिल भट्ट, विजय श्रीवास्तव, मनोज कुशवाहा सहित सैकड़ो भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

—————

(Udaipur Kiran) / विद्याकांत मिश्र

Most Popular

To Top