
यमुनानगर, 23 मई (Udaipur Kiran) । पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने चिक्कन आश्रम के घायल महंत से मुलाकात कर उनका स्वास्थ्य जाना। उन्होंने कहा कि महंत पर हमला करने वाले अपराधियों पर सख्त कार्रवाई होगी। पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने शुक्रवार को बताया कि तीन दिन पहले जगाधरी विधानसभा क्षेत्र के गांव चिक्कन स्थित आश्रम के महंत पर बदमाशों ने आश्रम में देर रात घुस कर खतरनाक जानलेवा हमला किया और उनको बुरी तरह से धायल करके आश्रम में लूटपाट की। वह शुक्रवार को अस्पताल में भर्ती आश्रम के महंत से मिले और उनके स्वास्थ्य लाभ के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने अस्पताल के डाक्टरों से कहा कि महंत के उपचार में कोई कसर नहीं रहनी चाहिए। महंत के आश्रम में धोखे से घुस कर दुर्दांत अपराधियों ने जो यह घृणित कार्य किया है वह आति निंदनीय है। जिसकी क्षेत्र में रहने वाले लोग भी कड़ी भर्त्सना कर रहे हैं। महंत के इस क्षेत्र में हजारों अनुयाई हैं। उन पर हमला करने वाले कुछ बदमाश साथी पकड़े गए हैं व कुछ फरार है। प्रतापनगर थाना के प्रभारी का भी तुरंत तबादला कर दिया गया है। उन्होंने महंत के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि पूरा क्षेत्र उनके जल्दी स्वस्थ होने की कामना कर रहा है और उन्हें पूर्ण विश्वास है कि महंत जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे।
(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग
