Sports

कानपुर टेस्ट : तीसरे दिन का खेल भी रद्द, नहीं फेंकी जा सकी एक भी गेंद

मैदान

कानपुर, 29 सितंबर (Udaipur Kiran) । भारत और बांग्लादेश के बीच कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट के तीसरे दिन का खेल भी नहीं हो पाया है। रविवार को मैदान गीला होने के कारण तीसरे दिन का खेल भी रद्द कर दिया गया है। तीसरे दिन एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। इससे पहले दूसरा दिन का खेल भी पूरी तरह बारिश से धुल गया था, जबकि पहले दिन केवल 35 ओवर की खेल ही हो पाया था।

रविवार को तीसरे दिन अंपायर्स ने लगातार मैदान का निरीक्षण किया। सुबह 10 बजे, फिर दोपहर 12 बजे और इसके बाद 2 बजे मैदान का निरीक्षण किया गया। आज बारिश नहीं हुई, लेकिन मैदान गीला था। ऐसे में मैदान का तीन बार निरीक्षण करने के बाद तीसरे दिन के खेल को रद्द कर दिया गया। रविवार को मैच देखने दर्शक भी बड़ी संख्या में पहुंचे थे। उन्हें भी मायूस होकर लौटना पड़ा। अब दर्शक चौथे दिन खेल होने की उम्मीद कर रहे हैं।

मैच के पहले दिन टॉस जीतकर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला क‍िया था। बांग्लादेश ने बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 3 विकेट पर 107 रन बना लिये थे। मोमिनुल हक 40 और मुश्फिकुर रहीम 6 रन बनाकर खेल रहे थे। भारतीय टीम के लिए दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकाश दीप ने पहले दिन दो विकेट लिये। उन्होंने बांग्लादेश के सलामी बल्लेबाज जाकिर हसन (0) और शादमान इस्लाम (24) को आउट किया, जिससे बांग्लादेश का स्कोर 29 रन पर 2 विकेट हो गया। इसके बाद कप्तान नजमुल हुसैन शान्तो और मोमिनुल हक के बीच 51 रन की साझेदारी हुई, जिसे रविचंद्रन अश्विन ने तोड़ा। अनुभवी ऑफ स्पिनर ने शान्तो को 31 रन पर आउट किया। इसके बाद मोमिनुल और मुश्फिकुर रहीम ने बांग्लादेश की पारी को 100 के स्कोर पर पहुंचाया। 35वें ओवर के बाद खराब रोशनी के कारण खेल को रोका गया और फिर बारिश आ गई। इसके बाद पहले दिन के खेल को समाप्त घोषित कर दिया गया।

मैच के दूसरे दिन का खेल बारिश के कारण रद्द कर दिया गया था। दूसरे दिन शनिवार को एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी थी। सुबह से ही मैदान कवर्स से ढके थे। अब तीसरे दिन का खेल भी मैदान गीला होने के कारण रद्द कर दिया गया है।

उल्लेखनीय है कि चेन्नई में पहला टेस्ट 280 रनों से जीतने के बाद मेजबान टीम दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला में 1-0 से आगे चल रही है। भारतीय टीम वर्तमान में विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप अंक तालिका में शीर्ष पर है। बांग्लादेश के खिलाफ श्रृंखला के बाद न्यूजीलैंड तीन टेस्ट मैचों के दौरे के लिए भारत आएगा।

—————–

(Udaipur Kiran) / वीरेन्द्र सिंह

Most Popular

To Top