
धर्मशाला, 21 मई (Udaipur Kiran) ।
कांगड़ा पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो अलग-अलग मामलों में 2 करोड़ 65 लाख, 66 हजार, 683 रुपये की संपत्ति अटैच की है। इसमें आरोपियों की विभिन्न प्रॉपर्टीज, कीमती आभूषण, नकदी और 4 वाहन शामिल हैं, जो अवैध ड्रग्स व्यापार से अर्जित किए गए थे। यह कार्रवाई कांगड़ा पुलिस के नशे के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को दर्शाता है और यह स्पष्ट संदेश देता है कि ड्रग तस्करों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
धर्मशाला में संजय कुमार उर्फ छप्पन की 1.59 करोड़ की संपत्ति अटैच
बीते छह अप्रैल 2025 को पुलिस थाना धर्मशाला की टीम ने संजय कुमार उर्फ छप्पन पुत्र गुरदेव कपूर निवासी रक्कड, धर्मशाला, जिला कांगड़ा और सुमन कुमारी वर्षा पुत्री प्रताप चंद के कमरे से 1.246 किलोग्राम चरस जब्त की। इस मामले में पुलिस थाना धर्मशाला में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। संजय कुमार उर्फ छप्पन के खिलाफ पूर्व में भी मादक पदार्थ अधिनियम और भारतीय दंड संहिता के अधीन तीन अन्य अभियोग दर्ज हैं।
एसएसपी कांगड़ा शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि जांच के दौरान संजय कुमार की संपत्ति की छानबीन में पाया गया कि उसने अवैध धनराशि से तीन मकान बनाए थे, जिनकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ ,55 लाख, 03 हजार, 700 रूपये है। इसके अलावा, उसके परिवार के नाम एक महिंद्रा स्कॉर्पियो, एक मारुति स्विफ्ट, एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी भी है, जिनकी कीमत 4,49,916 बताई गई। इस प्रकार, संजय कुमार उर्फ छप्पन की कुल चल व अचल संपत्ति 1 करोड़, 59 लाख,53 हजार, 616 पाई गई है, जिसे जल्द ही कानूनी प्रक्रिया के बाद जब्त किया जाएगा।
कांगड़ा में पवन कुमार और नीना की 1.06 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त
छह नवंबर 2024 को पुलिस थाना कांगड़ा की टीम ने पवन कुमार पुत्र, सुरेंद्र कुमार निवासी अरला देहरा, कांगड़ा और उसकी पत्नी नीना को 26.10 ग्राम चिट्टा, लगभग 241 ग्राम सोने के और 1207 ग्राम चांदी के आभूषण और 44 हजार, 580 नकदी सहित गिरफ्तार किया। दोनों के विरुद्ध कांगड़ा पुलिस थाना में इनके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। पवन के खिलाफ पूर्व में भी मादक पदार्थ अधिनियम के तहत 5 अभियोग दर्ज हैं।
पवन कुमार की संपत्ति की छानबीन करने पर उसके मकान गांव अरला, सकोट और तरसूहां में पाए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 81लाख, 45 हजार, 267 है। आरोपियों की चल संपत्ति की कीमत 24 लाख,67 हजार, 800 बताई गई है। इस प्रकार पवन कुमार की कुल चल व अचल संपत्ति 1करोड़,06 लाख,13 हजार, 67 रुपये पाई गई है, जिसे जल्द ही कानूनी प्रक्रिया के बाद जब्त किया जाएगा।
नशे के खिलाफ कांगड़ा पुलिस ने पूर्व में भी एक नशा तस्कर की 51 लाख की संपत्ति को जब्त करने की सफल कार्रवाई की है। यह न केवल कांगड़ा पुलिस की उत्कृष्टता का उदाहरण है, बल्कि इससे यह भी स्पष्ट होता है कि नशे के व्यापार में लिप्त व्यक्तियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
(Udaipur Kiran) / सतिंदर धलारिया
