
कानपुर, 19 मई (Udaipur Kiran) । नरवल थाना क्षेत्र के प्रतापपुर गांव में एक महिला ने प्रेमी के साथ रहने की जिद में आकर मासूम बेटे की ताबिज से गला घोंटकर हत्या कर दी। उसने बेटे के चेहरे पर दातों से कई जगह काटा। उस पर हत्या का शक न जाए, इसलिए वह चुपचाप ससुर के पास बेटे के शव को लिटा दिया। सोमवार सुबह घटना की जानकारी होने पर पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर प्रेमी की तलाश शुरू कर दी है।
मजरा प्रतापपुर निवासी सुशील यादव की शादी फतेहपुर खागा निवासी मनीषा के साथ हुई थी। सुशील पेशे से किसान है। रविवार को वह खेतों में काम करने गया था। घर में पत्नी मनीषा, तीन वर्षीय बेटा अनिरुद्ध और बुजुर्ग पिता थे। मनीषा ने रात में अपने बेटे के गले में बंधे ताबीज से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद दातों से उसके चेहरे पर कई जगह पर काट लिया, जिससे बेटे की मौत हो गई।
किसी को शक न हो इसलिए उसने अपने बेटे को ससुर के पास जाकर लिटा दिया। देर रात जब सुशील घर वापस लौटा तो उसने बच्चे के बारे में पूछा। मनीषा ने कहा कि वह बाबा के पास सो रहा है। काफी देर तक जब बच्चे के शरीर में कोई हरकत नहीं हुई तो सुशील को शक हुआ तो वह तुरंत अपने बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचा, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वापस आकर उसने अपनी पत्नी से पूछा तो उसने बताया कि अपने प्रेमी विकास के साथ मिलकर बच्चे की गला घोंटकर हत्या कर दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका प्रेमी विकास मौके से फरार हो गया।
सुशील ने बताया कि 16 अप्रैल को मनीषा गांव में रहने वाले उसके प्रेमी विकास के साथ भाग गई थी। परिवार के दबाव के चलते वह तीन दिन बाद घर वापस आ गई थी। वह प्रेमी के साथ रहने की जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर वह रोजाना झगड़ा भी करती थी। इसी वजह से उसने वारदात को अंजाम दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि सुशील और मनीषा की ये तीसरी संतान थी। दो बच्चों की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी थी। उसका आजतक खुलासा नहीं हो सका है। ऐसे में तीसरे बेटे की हत्या के बाद लगता है कि उसी ने उनको भी मारा होगा।
पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने सोमवार को बताया कि इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना नरवल पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपित महिला मनीषा यादव को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फरार प्रेमी विकास की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
(Udaipur Kiran) / रोहित कश्यप
