

कैथल, 4 जनवरी (Udaipur Kiran) । घने कोहरे के कारण आम जनजीवन तो प्रभावित हुआ ही है, इसी के साथ ट्रेन और बसें भी देरी से चल रही हैं। शनिवार को कोहरे के कारण कैथल से कुरुक्षेत्र जाने वाली कई ट्रेनें घंटे देरी से चलीं। कैथल से दिल्ली और चंडीगढ़ जाने वाली बसों की रफ्तार भी कोहरे ने काम कर दी। जिला प्रशासन ने भी कोहरे और धुंध से बचने के लिए एडवाइजरी जारी की है।
शनिवार को कुरुक्षेत्र से जींद जाने वाली ट्रेन साढ़े तीन घंटे की देरी से चली।कोहरे के बीच ट्रेनों की रफ्तार कम होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस दौरान कुरुक्षेत्र से कैथल आने वाले यात्रियों को परेशानी हुई। इसके साथ ही कैथल से जींद जाने वाले यात्रियों को भी काफी घंटों तक इंतजार करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक नरेंद्र शर्मा ने बताया कि शनिवार को शुक्रवार से भी अधिक कोहरा था। इस कारण कुरुक्षेत्र से जींद और जींद से कुरुक्षेत्र जाने वाली ट्रेन काफी देरी से चली। शर्मा ने बताया कि कोहरे के कारण ही ट्रेनें देरी से चलती है।
रेलगाड़ियों के साथ-साथ कोहरे ने बसों के संचालक पर भी असर डाला है। चंडीगढ़ से हिसार, रोहतक और जींद जाने वाली बसें भी घंटों देरी से कैथल पहुंचीं। इस बीच यात्री बस अड्डे पर बैठकर ठिठुरते नजर आए। कोहरे में चल रही कैथल रोडवेज की बसों पर फाग लाइट और रिफ्लेक्टर भी गायब नजर आए।
(Udaipur Kiran) / नरेश कुमार भारद्वाज
