जींद, 14 मई (Udaipur Kiran) । अलेवा थाना पुलिस ने गांव खांडा के युवक को अमेरिका भेजने का झांसा देकर साढ़े 35 लाख रुपये ठगने पर पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, इम्मीग्रेशन एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
गांव खांडा निवासी मंदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गांव के ही रोशन ने बताया कि वह अमेरिका जाना चाहता है, तो वह भेज देगा। आरोपित के झांसे में आकर चार फरवरी 2023 को रोशन तथा उसके भतीजे को 15 लाख कुछ लोगों की मौजूदगी में दे दिए थे। नौ फरवरी 2023 तक अरोपितों को साढ़े 35 लाख रुपये दिए जा चुके थे। जिसके बाद छह फरवरी 2023 से 12 फरवरी तक दिल्ली रखा गया। जिसके बाद उसे थाईलैंड भेज दिया गया। 19 फरवरी तक वह थाईलैंड में रहा। जिसके बाद वह दिल्ली आ गया। बाद में उसे ताशकंद, दोहा, कतर, दोबारा थाईलैंड, लोस, वियतनाम, कंबोडिया भेजा गया। जिसके बाद वह दिल्ली लौट आया। फिर से उसे दस दिन के थाईलैंड भेजा गया।
तीन नवंबर 2023 को वह वापस घर लौट आया। जिसके बाद आरोपितों ने दूसरे देश भेजने की बात कह कर उसका पासपोर्ट ले लिया। जब आरोपितों से रुपये वापस मांगे तो आरोपितों ने दोबारा से विदेश भेजने की बात कही। बाद में दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई। जिस पर आरोपितों ने उन्हें चैक दे दिया। जब बैंक में चैक लगाया गया तो उस नाम से खाता बैंक में नही मिला। तब उन्होंने दबाव डाला तो आरोपितों ने राशि देने से मना कर दिया और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। अलेवा थाना पुलिस ने मनदीप की शिकायत पर रोशन, विकास गांव अहर निवासी प्रेम, नीलोखेड़ी निवासी अमित, गांव सिंदपुर निवासी करनाल निवासी अरूण के खिलाफ धोखाधड़ी, इमीग्रेशन एक्ट समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
—————
(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा
