Haryana

जींद: धर्मांधता और जातिवाद की राजनीति करती है भाजपा : बीरेंद्र सिंह

पत्रकारों से बातचीत करते हुए बीरेंद्र सिंह।

जींद, 28 जुलाई (Udaipur Kiran) । मध्य उत्तरी हरियाणा विकास संगठन के कार्यकर्ता सम्मेलन में रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने मुख्यअतिथि के तौर पर शिरकत करते हुए कहा कि भाजपा धर्मांधता और जातिवाद को बढ़ावा देकर इसी की राजनीति करती है। वह 10 साल भाजपा में रहे। इस दौरान उन्होंने महसूस किया कि भाजपा केवल धर्म और जाति की राजनीति करती है। यही उसका एजेंडा है।

कांग्रेस पार्टी में भूपेंद्र हुड्डा के हीरो होने के सवाल पर बीरेंद्र सिंह ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा देवानंद नहीं हैं। कांग्रेस पार्टी में ठीक उसी तरह से 11 हीरो हैं। जिस तरह विश्व कप जीतने वाली भारत की टीम के 11 खिलाड़ी थे। किसी एक नेता से बात बनती नहीं है। उनका प्रयास यह रहेगा कि वह कांग्रेस के सभी नेताओं को एक साथ चलने के रास्ते पर लाएं। इसका मतलब यह नहीं है कि सभी नेता एक मंच पर हों। इससे ज्यादा जरूरी यह है कि कांग्रेस के सभी नेता हरियाणा में सत्ता परिवर्तन कर कांग्रेस की सरकार बनाएं, जो जनता के सपनों को पूरा करे और उम्मीद पर खरी उतरे। आज हरियाणा के 70 प्रतिशत मतदाता भाजपा को हराना चाहते हैं। यह कांग्रेस पार्टी पर है कि वह इन 70 प्रतिशत मतदाताओं को किस तरह अपने पीछे मजबूती से लामबंद करती है।

बीरेंद्र सिंह ने कहा कि हरियाणा में आज कांग्रेस और बीजेपी के अलावा दूसरी कोई पार्टी नजर नहीं आती है। प्रदेश के 70 प्रतिशत मतदाता भाजपा को हराना चाहते हैंए और उनकी नजर में कांग्रेस के अलावा दूसरी कोई पार्टी नहीं है। इससे पहले बीरेंद्र सिंह ने मध्य उत्तरी हरियाणा विकास संगठन के कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा जेजेपी पर बड़े हमले बोले। उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं को मध्य उत्तरी हरियाणा और खासकर जींद के विकास की आवाज उठाने के लिए सम्मानित किया।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / विजेंद्र मराठा / SANJEEV SHARMA

Most Popular

To Top