

कैथल से झींडा गुट के प्रत्याशी, बलदेव सिंह हाबड़ी, गुहला से मेजर सिंह व कांगथली से आजाद उम्मीदवार बलविंदर सिंह भिंडर रहे विजेता
कैथल,19 जनवरी (Udaipur Kiran) ।
कैथल में रविवार को हुए हरियाणा गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के चुनाव में तीन वार्डों में से दो पर झींडा गुट के उम्मीदवारों ने जीत हासिल की। नलवी गुट दूसरे नंबर पर रहा।
चुनाव शुरू होने के बाद अधिक ठंड होने के चलते सुबह के समय तो मतदान प्रतिशत कम रहा, लेकिन जैसे ही दोपहर के समय धूप खिली तो यह मतदान प्रतिशत बढ़ गया।
सुबह 12 बजे के करीब जिले में औसतन महज 30 प्रतिशत ही मतदान हुआ था,लेकिन एक बजे के बाद मतदान प्रतिशत ने अचानक से रफ्तार पकड़ ली। पहली बार हो रहे कमेटी के चुनाव को लेकर समाज के लोगों में काफी उत्साह था।
ठंड के कारण कम संख्या में बुजुर्ग पहुंचे थे। चीका में विवाह की रस्म से पहले पहुंची युवती प्रभजोत ने आनंद कारज से पहले बूथ पर पहुंचकर मतदान किया। जिले में कांगथली वार्ड नंबर 21 में सबसे अधिक 73.06 प्रतिशत और सबसे कम कैथल वार्ड नंबर 22 में 65.07 प्रतिशत रही। जबकि वार्ड नंबर 20 गुहला में 71.70 प्रतिशत दर्ज किया गया।
कैथल व गुहला सीट पर झींडा गुट का कब्जा
गुहला के वार्ड नंबर 20 से जगदीश सिंह झींडा गुटके प्रत्याशी मेजर सिंह को विजेता घोषित किया गया। उनको 2408 मत मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी नलवी गुट के सुखचैन सिंह को 857 वोटो से हराया। सुखचैन सिंह को 1551 वोट हासिल हुए। वार्ड नंबर 21 कांगथली से आजाद प्रत्याशी बलविंदर सिंह भिंडर विजेता रहे। उन्हें 4406 मत मिले और उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी नलवी गुट के गुरमीत सिंह कंबोज को 237 वोटो से हराया। कंबोज को 4167 वोट मिले। कैथल से जगदीश सिंह झींडा ग्रुप के बलदेव हाबड़ी ने जीत दर्ज की। उनको 3733 मत मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी दादुवाल गुट के सतेंद्र सिंह रसीदां 1403 वोटो से हराया। रसीदां को 2330 वोट मिले। गुरचरण सिंह तीसरे नंबर पर
रहे।
—————
(Udaipur Kiran) / नरेश कुमार भारद्वाज
