Haryana

झज्जर : भारतीय शैली कुश्ती महासंघ को यू डब्ल्यू डब्ल्यू ने दिया महत्व

गौरव रोशन लाल सचदेवा

झज्जर, 13 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । विश्व कुश्ती संस्था (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) ने एक महत्वपूर्ण फ़ैसला लेते हुए भारतीय शैली कुश्ती महासंघ को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विश्व की पारंपरिक कुश्ती कमेटी में सदस्य रूप में शामिल किया है। यह भारत के लिए भी बड़े गर्व का विषय है कि भारतीय शैली कुश्ती को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है।भारतीय शैली कुश्ती को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाली भारतीय शैली कुश्ती महासंघ पिछले कई वर्षों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास करती रही है, जिसका प्रतिफल है कि विश्व कुश्ती संस्था ने भारतीय शैली कुश्ती महासंघ के राष्ट्रीय महासचिव गौरव रोशन लाल सचदेवा, को वर्ष 2025 से 2028 तक विश्व की प्रतिष्ठित पारंपारिक कुश्ती कमेटी का सदस्य नियुक्त किया गया। यह पहला मौक़ा है जब यूडब्ल्यूडब्ल्यू ने कुश्ती में भारत देश के किसी सदस्य को यह बडी जि़म्मेदारी सौंपी है। यूडब्ल्यूडब्ल्यू के महासचिव कार्लोस रॉय ने 7 फरवरी 2025 के आधिकारिक घोषणा पत्र में बताया कि विश्व कुश्ती की ट्रेडिशनल कमेटी में भारत के साथ अमेरिका, चीन, ईरान, तुर्की, नीदरलैंड्स, कजााकिस्तान व सेनेगल कुल 8 देशों के प्रतिनिधि शामिल हैं जो सम्पूर्ण विश्व में पारंपरिक कुश्ती के चलन बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे। यह कमेटी 2028 में अमेरिका देश में होने वाले ओलंपिक खेलों तक कार्यभार संभालेंगी। भारतीय शैली कुश्ती महासंघ के राष्ट्रीय महासचिव गौरव रोशन लाल ने गुरुवार काे मीडिया को बताया कि यह उपलब्धि देश और भारतीय पहलवानों को समर्पित है। आज भारतीय शैली कुश्ती की ख्याति विदेशों तक पहुंच चुकी है और अब भारतीय शैली कुश्ती अपने स्वर्णिम युग की ओर अग्रसर है। भारतीय शैली कुश्ती महासंघ को यूडब्ल्यूडब्ल्यू ने यह जिम्मेदारी देकर गौरवान्वित किया है। इसके लिए भारतीय शैली कुश्ती महासंघ ने यूडब्ल्यूडब्ल्यू को धन्यवाद किया। साथ ही जितेंद्र राठी व गौरव सचदेवा ने कहा कि जो हमारे गुरुजनों स्व. रोशन लाल (द्रोणाचार्य पुरस्कार) स्व. नफे सिंह राठी (पूर्व अध्यक्ष एवं विधायक) स्व. बिशम्बर सिंह (अर्जुन पुरस्कार) ने जो सपना देखा था कि भारतीय शैली कुश्ती की एक अलग पहचान बने, आज यूडब्ल्यूडब्ल्यू ने उनके सपने को साकार करने का काम किया है।

—————

(Udaipur Kiran) / शील भारद्वाज

Most Popular

To Top