
-महान स्वतंत्रता सेनानी लोमराज बाबू को दी गई श्रद्धांजलि,गोष्ठी का आयोजन
पूर्वी चंपारण, 16 अप्रैल (Udaipur Kiran) । चम्पारण सत्याग्रह स्मृति दिवस के मौके पर कोटवा प्रखंड के जसौली पट्टी में महात्मा गांधी एवं लोमराज सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिसमें विशिष्ट अतिथि महात्मा गांधी सेंट्रल यूनिवर्सिटी के गांधी शांति अध्ययन विभाग के एचओडी डॉ युगल किशोर दाधीच ने कहा कि महात्मा गांधी की कर्म भूमि और लोमराज बाबू की जन्मभूमि जसौली पट्टी सत्य,अहिंसा और शांति की भूमि है। मै इस भूमि को नमन करता हूं। उन्होंने कहा कि बदलते परिदृश्य में गांधी दर्शन एवं चिंतन को साकार करने के लिए हमें हृदय परिवर्तन, मस्तिष्क परिवर्तन, व्यवस्था परिवर्तन एवं जीवन शैली परिवर्तन करने पर बल देना होगा।
कार्यक्रम में प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी के साथ ही गांव के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित हुए और गांधी दर्शन पर चिंतन किया गया। वर्तमान समय में राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय सामाजिक आर्थिक एवं राजनीतिक चुनौतियों को देखते हुए यह आवश्यक हो गया है,कि आज गांधी के विचारों को आत्मसात किया जाए ताकि भारत की युवा पीढ़ी की समझ उनकी दृष्टि और व्यापक एवं समृद्ध बन सके। गांधी के विचार ही आने वाले समय में विकसित भारत की नींव को और अधिक सुदृढ करने में सहायक सिद्ध होंगे।
सहायक आचार्य गांधी शांति अध्ययन विभाग के डॉ अभय कुमार विक्रम ने भी अपने विचार रखे। इस दौरान प्रखण्ड विकास पदाधिकारी सरीना आजाद एवं अंचलाधिकारी मोनिका आनन्द ने गांधी जी एवं लोमराज सिंह को श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए युवाओं से गांधी दर्शन पढ़ने और उसे जीवन में उतारने को कहा।गोष्ठी की अध्यक्षता अवकाश प्राप्त शिक्षक उपेन्द्र कुमार सिंह ,संचालन सामाजिक कार्यकर्ता विनय कुमार, धन्यवाद ज्ञापन अवकाश प्राप्त शिक्षक रामश्रेष्ठ बैठा ने की।उल्लेखनीय है,कि 16 अप्रैल 1917 को गांधी जी ने जसौली पट्टी के लिए यात्रा की थी।उसी स्मृति में प्रतिवर्ष स्मृति दिवस मनाया जाता है।इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता विनय कुमार,नवनीत कुमार गिरि,पैक्स अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, कमलेश कुमार सिंह, अखिलेश कुमार सिंह,प्रमुख प्रतिनिधि सुनील कुमार दास, राजीव रंजन जगरनाथ भगत, अभिनव सिंह , जागरण क्लब के अध्यक्ष श्रवण पासवान के साथ दर्जनों युवक उपस्थित रहे।
(Udaipur Kiran) / आनंद कुमार
