HimachalPradesh

देश को सिर्फ मोदी की गारंटी पर भरोसा : जयराम ठाकुर

Jairam

शिमला, 8 फ़रवरी (Udaipur Kiran) । नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दिल्ली विधानसभा चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि देश की जनता को सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मतदाताओं ने आम आदमी पार्टी की झूठ और अराजकता की राजनीति को नकारते हुए सुशासन और विकास के लिए भाजपा को प्रचंड जनादेश दिया है। जयराम ठाकुर ने कहा कि दिल्ली के दिल में अब सिर्फ ‘मोदी ही मोदी’ है।

‘आपदा’ का दौर समाप्त, सुशासन की जीत

जयराम ठाकुर ने कहा कि बहुत लंबे समय से दिल्ली में एक पार्टी ने अराजकता और नकारात्मक राजनीति का माहौल बना रखा था, लेकिन अब यह आपदा समाप्त हो गई है। उन्होंने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस पार्टी का जन्म भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई के नाम पर हुआ था, उसका अंत भी भ्रष्टाचार में डूबकर हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के विकास की जगह मुख्यमंत्री आवास के नवीनीकरण और शराब घोटाले जैसे घोटालों पर ध्यान केंद्रित किया।

मोदी की गारंटी पर जनता को भरोसा

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की जनता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि देश को मोदी की गारंटी पर ही भरोसा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सुशासन और विकास की राजनीति को जनता का अपार समर्थन मिल रहा है। उन्होंने दिल्ली की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि दिल्ली देश का दिल है और आज भाजपा ने इसे जीत लिया है।

कांग्रेस पर भी साधा निशाना

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि दिल्ली चुनावों के नतीजों ने कांग्रेस के लिए भी एक बड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव जीतने के लिए झूठे वादे, गुमराह करने की राजनीति और विभाजनकारी रणनीतियों का सहारा लिया, लेकिन जनता ने उसे पूरी तरह नकार दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है और उसकी स्थिति शून्य पर पहुंच गई है।

हिमाचल में भी यही हाल होगा

जयराम ठाकुर ने कहा कि जिस तरह दिल्ली में कांग्रेस को जनता ने पूरी तरह से खारिज कर दिया है, हिमाचल में भी यही हाल होने वाला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार जनता से किए वादों को पूरा करने में विफल रही है और जनविरोधी नीतियों पर चल रही है। उन्होंने हिमाचल सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार अपने रवैये में बदलाव नहीं करती तो आने वाले चुनावों में यहां भी जनता कांग्रेस को सबक सिखाएगी।

उन्होंने दिल्ली चुनावों में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली भाजपा नेतृत्व को बधाई दी।

—————

(Udaipur Kiran) / उज्जवल शर्मा

Most Popular

To Top