Chhattisgarh

छग विधानसभा : बालाेद में महिलाओं और बच्चों की गुमशुदगी का उठा मुद्दा, कार्रवाई नहीं हाेने का आराेप

छत्‍तीसगढ़ व‍िधानसभा।

रायपुर, 24 जुलाई (Udaipur Kiran) । छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र में तीसरे दिन बुधवार काे प्रश्नकाल में कांग्रेस विधायक अनिला भेड़िया ने बालोद में महिलाओं और बच्चों की गुमशुदगी का मुद्दा उठाया। कांग्रेस विधायक अनिला भेड़िया ने कहा कि तस्करी के लिए कई ठेकेदार और दलाल भी सक्रिय हैं। उन पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि गुम लोगों की खोजबीन के लिए ऑपरेशन मुस्कान चलाया जा रहा है।

कांग्रेस विधायक अनिला भेड़िया ने कहा कि महिलाओं की गुमशुदगी की पूरे प्रदेश की जानकारी माँगी गई थी, लेकिन सिर्फ़ ज़िला की जानकारी दी गई। अकेले बालोद जिले में ही महिलाओं की गुमशुदगी के 106 मामले अब भी जांच में हैं।

गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि 106 महिलाएं जिले में अब भी लापता है। 2022 से 2024 तक की यह स्थिति है। पुलिस इस पर अनवरत काम कर रही है। 716 महिलाएं लापता थीं, बाकी महिलाओं को खोज लिया गया है। 164 बच्चों में से 152 बच्चे ढूंढ लिए गए हैं। बच्चों की गुमशुदगी के मामलों की सफलता दर 92 फ़ीसदी है, वहीं महिलाओं पर यह 84 फीसदी है।

अनिला भेड़िया ने कहा कि जांच के अब कई पहलू आ गए हैं। साइबर पुलिसिंग हो रही है फिर भी महिलाओं और बच्चों को ढूंढ़ पाने में पुलिस विफ़ल हो रही है। गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार गुम लोगों की खोजबीन के लिए ऑपरेशन मुस्कान चलाया जा रहा है। गुमशुदा इंसान की खोजबीन के लिए एसओपी भी जारी की जाती है।

(Udaipur Kiran)

(Udaipur Kiran) / चन्द्र नारायण शुक्ल / गायत्री प्रसाद धीवर

Most Popular

To Top