
इनेलो ने अंबाला जोन के सात जिलों में किया प्रदर्शनप्रदर्शनकारियों ने सीएम की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली
चंडीगढ़, 5 मई (Udaipur Kiran) । पंजाब की ओर से हरियाणा को भाखड़ा का 8500 क्यसेक पानी न दिए जाने और पंजाब सरकार का भाखड़ा के गेट पर गैरकानूनी तरीके से ताला जड़ने के विरोध में इंडियन नेशनल लाेकदल (इनेलो) पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सडक़ों पर उतर कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शकारियाें ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की प्रतीकात्मक शव यात्रा भी निकाली।
इनेलाे कार्यकर्ताओं ने अंबाला जोन के सात जिलों में पंजाब सरकार की कार्रवाई के विराेध में प्रदर्शन किया। इनमें कैथल में प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, कुरुक्षेत्र में राष्ट्रीय वरिष्ठ उपप्रधान शेर सिंह बडशामी, अंबाला में प्रधान महासचिव प्रकाश भारती, यमुनानगर में पूर्व विधायक दिलबाग सिंह, पानीपत में विधायक अदित्य देवीलाल, करनाल में महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला और पंचकुला में सतबीर सैनी की अगुवाई में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने संबंधित उपायुक्तों को प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इन प्रदर्शनाें में इनेलो के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं समेत भारी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
इस माैके पर कैथल में इनेलो प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने कहा कि दिल्ली में लोगों ने आम आदमी पार्टी का सफाया कर दिया है और पंजाब में भी आआपा सरकार की हालत बेहद खराब हो चुकी है। पंजाब में अपना सूपड़ा साफ होता देखकर लोगों की भावनाओं को अपने पक्ष में करने के लिए आआपा सरकार ने यह कदम उठाया है और संघीय ढांचे को नकार कर अराजकता फैलाने का काम किया है।
उन्हाेंने कहा कि पंजाब ने आज तक किसी भी फैसलों व समझौतों को लागू नहीं किया है। पिछले माह बीबीएमबी की तकनीकी कमेटी ने फैसला दिया कि हरियाणा सरकार द्वारा पानी छोड़ा जाना है, वह भी पंजाब ने नहीं माना। 2 अप्रैल को हुई बैठक में पंजाब के अधिकारी आए ही नहीं। माजरा ने कहा कि हरियाणा का पानी का मामला राजनीति की भेंट चढ़ गया। उन्हाेंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री के खिलाफ गैरकानूनी कार्य करने पर मुकदमा दर्ज होना चाहिए।
कुरुक्षेत्र में प्रदर्शनकारियाें काे संबाेधित करते हुए राष्ट्रीय वरिष्ठ उपप्रधान शेर सिंह बडशामी ने कहा कि आआपा चुनाव में हरियाणा से सूपड़ा साफ होने का बदला ले रही है। इनेलो पार्टी हरियाणा के हितों की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाएगी।
अंबाला में प्रदर्शन के दाैरान प्रकाश भारती ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आआपा की हार पर खीज मिटाने के लिए पानी की कटौती की है। पूर्व विधायक दिलबाग सिंह ने कहा कि आज सिर्फ धरना प्रदर्शन किया है अगर पंजाब ने हरियाणा का पानी नहीं दिया तो इससे भी बड़ा कदम उठाएंगे।
पानीपत में इनेलाे कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस माैके पर विधायक अदित्य देवीलाल ने कहा कि केन्द्र सरकार ने 2020 में बीबीएमबी से हरियाणा के सदस्य को हटा दिया गया था। आज चार साल तक भाजपा सरकार का मौन रहना और बीबीएमबी में कोई हिस्सेदारी न होना उसका परिणाम है कि आज हरियाणा में जल संकट है। उन्हाेंने कहा कि केन्द्र सरकार और पंजाब सरकार राजनीतिक लाभ लेने के लिए एक सोची समझी रणनीति के तहत मिले हुए हैं।
करनाल में महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला ने प्रदर्शनकारियाें काे संबाेधित किया। उन्हाेंने कहा कि आज इनेलो पार्टी अपने पानी का हक लेने के लिए सडक़ों पर उतरी है। हरियाणा प्रदेश गंभीर रूप से पानी के संकट से जूझ रहा है।
—————
(Udaipur Kiran) शर्मा
