Haryana

यमुनानगर में भाखड़ा पानी मुद्दे पर इनेलो का प्रदर्शन

प्रदर्शन करते इनेलो कार्यकर्ता

मुख्यमंत्री से की विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांगप्रधानमंत्री और राज्यपाल के नाम उपायुक्त काे साैंपा ज्ञापन

यमुनानगर, 5 मई (Udaipur Kiran) । भाखड़ा पानी विवाद मुद्दे पर इंडियन नेशनल लोकदल के कार्यकर्ताओं ने प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। शहर में भी बड़ी संख्या में इनेलो कार्यकर्ताओं ने सोमवार को लघु सचिवालय के सामने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं

ने जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री व राज्यपाल हरियाणा काे संबाेधित एक ज्ञापन जिला उपायुक्त को सौंपा।

इस मौके पर इनेलो पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अश्वनी दत्ता ने कहा कि पंजाब सरकार का यह फैसला अमानवीय है और इस मुद्दे पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ओछी राजनीति कर रहे हैं। दिल्ली की विधानसभा में हार का बदला ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार भाखड़ ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) के आदेश की अवहेलना नहीं कर सकती है। पहले भी चारों राज्यों को पानी मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि आज 4500 क्यूसेक पानी हरियाणा को दिया जा रहा है, जबकि इससे पहले दस हजार क्यूसेक पानी दिया गया। हरियाणा के पांच जिलों में पानी की भारी किल्लत हो रही है। पानी के इस मुद्दे पर हरियाणा की जनता की लड़ाई के लिए हम भाजपा के साथ है। उन्होंने कहा कि हमारी मांग है कि इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी विशेष सत्र बुलाए। इनेलो के यमुनानगर से पूर्व विधायक दिलबाग सिंह ने कहा कि पानी जैसे संवेदनशील मुद्दे पर पंजाब सरकार राजनीति न करें। उन्होंने कहा कि पीने का पानी इंसान और पशु को पहले और फिर खेती के लिए बाद में चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर पंजाब सरकार को पुनः विचार करना चाहिए और हरियाणा को पानी देना चाहिए।

(Udaipur Kiran) / अवतार सिंह चुग

Most Popular

To Top